Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

08 नवंबर 2023 : PIB विश्लेषण

विषयसूची:

  1. भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता से पहले प्रथम इंडस-एक्स निवेशक सम्मेलन आयोजित:
  2. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने टीबी के मामलों और टीबी मृत्यु दर में कमी को प्राप्त करने पर भारत की सफलता को मान्यता दी:
  3. भारत और नीदरलैंड ने चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए:
  4. भारत-इथियोपिया संयुक्त व्यापार समिति का अदीस अबाबा में आयोजन:
  5. दुबई एयर शो 2023 में भारतीय वायुसेना का दस्ता शामिल:

1. भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता से पहले प्रथम इंडस-एक्स निवेशक सम्मेलन आयोजित:

सामान्य अध्ययन: 2

अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध:

विषय: द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक समूह और भारत से सम्बंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार।

प्रारंभिक परीक्षा: प्रथम इंडस-एक्स निवेशक सम्मेलन, 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता।

मुख्य परीक्षा: भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के महत्व पर चर्चा कीजिए।

प्रसंग:

  • रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग और अमेरिकी रक्षा विभाग के अंतर्गत रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचार (आई डेक्स) ने 8 नवंबर 2023 को नई दिल्ली में भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के पहले आयोजन के रूप में प्रथम इंडस-एक्स निवेशक सम्मेलन का आयोजन किया गया।

उद्देश्य:

  • इस कार्यक्रम के दौरान इंडस- एक्स शैक्षिक श्रृंखला (गुरुकुल) भी शुरू की गई।
  • गुरुकुल पहल का उद्देश्य अन्वेषक/स्टार्टअप को अमेरिका और भारत के रक्षा इकोसिस्टम में सम्मिलित करने में सहायता करना है।

विवरण:

  • गुरुकुल (शिक्षा) श्रृंखला में सरकारी अधिकारियों, कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों, उद्योग मंचों, इनक्यूबेटर्स/एक्सेलरेटर्स आदि सहित दोनों पक्षों के विशेषज्ञों द्वारा स्टार्टअप्स/अन्वेषकों के लिए सत्र होंगे।
  • कार्यक्रम में डीआईओ इंडस-एक्स पहल के अंतर्गत रक्षा स्टार्ट-अप के लिए अवसरों और भविष्य की राह पर प्रकाश डाला गया।
  • गुरुकुल शैक्षिक श्रृंखला स्टार्टअप्स को भारत और अमेरिका के रक्षा इको-सिस्टम में सम्मिलित करने में सहायता करेगी।
  • इस आयोजन का समन्वय भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ), इंडसटेक और एमएसीएच33.एईआरओ (सोशल अल्फा) द्वारा किया गया था।
  • पहले इंडस-एक्स निवेशक सम्मेलन के दौरान रक्षा क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्ट-अप और सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम उद्यम (एमएसएमई) में निवेशकों की रुचि और इंडस-एक्स पहल के अंतर्गत उभरते अवसरों को प्रदर्शित किया गया।
  • इंटरैक्टिव बैठक में दोनों पक्षों के सभी हितधारकों जैसे स्टार्टअप/सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम उद्यम (एमएसएमई), निवेशक, इनक्यूबेटर, उद्योग को सहयोगी एजेंडे और अवसरों पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान किया गया।

पृष्ठ्भूमि:

  • भारत-अमेरिकी डिफेंस एक्सीलरेशन इकोसिस्टम (इंडस-एक्स) को जून 2023 में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा के दौरान भारत और अमेरिका की सरकारों, व्यवसायों व शैक्षणिक संस्थानों के बीच रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी और रक्षा औद्योगिक सहयोग का विस्तार करने के लिए शुरू किया गया था।

2.विश्व स्वास्थ्य संगठन ने टीबी के मामलों और टीबी मृत्यु दर में कमी को प्राप्त करने पर भारत की सफलता को मान्यता दी:

सामान्य अध्ययन: 2

अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध,स्वास्थ्य:

विषय: महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय संस्थान, एजेंसियां एवं मंच- उनकी संरचना, और जनादेश। स्वास्थ्य, मानव संसाधनों से सम्बंधित सामाजिक क्षेत्र/सवाओं के विकास और प्रबंधन से सम्बंधित विषय।

प्रारंभिक परीक्षा: वैश्विक टीबी रिपोर्ट- 2022, नि-क्षय पोर्टल।

मुख्य परीक्षा: विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा भारत में टीबी के मामलों में और टीबी मृत्यु दर में कमी को प्राप्त करने पर भारत की सफलता को मान्यता देने के निहितार्थ बताइये।

प्रसंग:

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 7 नवंबर, 2023 को अपनी वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2023 जारी की।

उद्देश्य:

  • इस रिपोर्ट के अनुसार भारत ने टीबी के मामलों का पता लगाने में सुधार को लेकर शानदार प्रगति की है और टीबी कार्यक्रम पर कोविड​​-19 का प्रभाव दिखा है।

विवरण:

  • उपचार कवरेज में सुधार अनुमानित टीबी मामलों के 80 फीसदी तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19 फीसदी अधिक है।
    • भारत के प्रयासों के परिणामस्वरूप साल 2022 में (2015 से) टीबी के मामलों में 16 फीसदी की कमी आई है, जो कि वैश्विक टीबी के मामलों में गिरावट की गति (8.7 फीसदी) से लगभग दोगुनी है।
    • इस अवधि के दौरान भारत सहित वैश्विक स्तर पर टीबी से मृत्यु दर में 18 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने टीबी मृत्यु दर को साल 2021 के 4.94 लाख से घटाकर 2022 में 3.31 लाख कर दिया।
    • यह एक साल की अवधि में 34 फीसदी से अधिक की कमी है।
  • वैश्विक टीबी रिपोर्ट- 2022 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने भारत के लिए डेटा को “अंतरिम” के रूप में प्रकाशित करने पर सहमति व्यक्त की थी।
  • यह सहमति इस समझ पर आधारित थी कि आंकड़ों को अंतिम रूप देने के लिए मंत्रालय की तकनीकी टीम के साथ डब्ल्यूएचओ काम करेगा।
  • इसके बाद डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की तकनीकी टीमों के बीच 50 से अधिक बैठकें हुईं।
  • इन बैठकों में जिसमें देश की टीम ने प्राप्त सभी नए साक्ष्य प्रस्तुत किए।
  • नि-क्षय पोर्टल के डेटा सहित देश में गणितीय मॉडलिंग विकसित की गई, जो हर एक रोगी के उपचार के दौरान उनके जीवनचक्र को दर्ज करता है।
  • डब्ल्यूएचओ की टीम ने प्रस्तुत किए गए सभी आंकड़ों की गहनता से समीक्षा की और उसने न केवल इसे स्वीकार किया, बल्कि भारत के प्रयासों की सराहना भी की।
    • इस साल वैश्विक टीबी रिपोर्ट ने भारत के लिए बोझ अनुमानों, विशेष रूप से टीबी से संबंधित मृत्यु दर के आंकड़ों में कमी के साथ संशोधित अनुमानों को स्वीकार और प्रकाशित किया है।
  • इस रिपोर्ट में कहा गया है कि टीबी के मामले का पता लगाने को लेकर भारत की गहन रणनीतियों के परिणामस्वरूप साल 2022 में सबसे अधिक 24.22 लाख टीबी रोगियों की पहचान की गई। यह संख्या पूर्व-कोविड के ​​स्तरों से अधिक है।
    • सरकार ने कई प्रमुख पहलों की शुरुआत की और उन्हें आगे बढ़ाया है, जिसके परिणामस्वरूप छुटे हुए मामलों के अंतर को काफी सीमा तक कम किया जा सका है।
    • इन पहलों में मामले का पता लगाने के लिए विशिष्ट सक्रिय अभियान, आण्विक निदान को प्रखण्ड स्तर तक बढ़ाना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य व कल्याण केंद्रों के माध्यम से परीक्षण सेवाओं का विकेंद्रीकरण और निजी क्षेत्र की भागीदारी शामिल हैं।
  • पूरे देश में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को शानदार प्रतिक्रिया मिली है और जीवन के सभी क्षेत्रों के 1 लाख से अधिक नि-क्षय मित्र 11 लाख से अधिक टीबी रोगियों को गोद लेने के लिए आगे आए हैं।
    • साल 2018 में शुरू होने के बाद से नि-क्षय पोषण योजना के तहत 95 लाख से अधिक टीबी रोगियों को लगभग 2613 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
    • इसके अलावा मृत्यु दर में और अधिक कमी लाने व उपचार की सफलता दर में सुधार सुनिश्चित करने के लिए रोगी केंद्रित नई पहल, जैसे कि पारिवारिक देखभालकर्ता मॉडल और विभेदित देखभाल शुरू की गई हैं।
    • इस रिपोर्ट में इसका भी उल्लेख किया गया है कि भारत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यान्वित किए जा रहे राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में अतिरिक्त संसाधनों का निवेश करके टीबी उन्मूलन प्रयासों को प्राथमिकता देने के लिए साहसिक कदम उठाए हैं।

3. भारत और नीदरलैंड ने चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए:

सामान्य अध्ययन: 2

अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध:

विषय: द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं वैश्विक समूह और भारत से जुड़े और/ या भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार।

प्रारंभिक परीक्षा: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO),ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, यूरोप के सबसे बड़े बंदरगाह- रॉटरडैम बंदरगाह।

मुख्य परीक्षा: भारत और नीदरलैंड के चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग का भारत की स्वास्थ्य प्रणाली पर प्रभावों एवं लाभों पर चर्चा कीजिए।

प्रसंग:

  • भारत और नीदरलैंड ने हेग, नीदरलैंड में चिकित्सा उत्पाद विनियमन पर सहयोग करने और दोनों देशों के लिए चिकित्सा उत्पादों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एक आशय पत्र (एमओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं।

उद्देश्य:

  • केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री श्री भगवंत खुबा के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल 6 से 8 नवंबर 2023 तक हेग में आयोजित होने वाली दूसरे वर्ल्ड लोकल प्रोडक्शन फोरम (डब्ल्यूएलपीएफ) की बैठक में भाग लेने के लिए नीदरलैंड में हैं।
  • वर्ल्ड लोकल प्रोडक्शन फोरम विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की पहल पर बनाया गया एक मंच है।
  • इसका उद्देश्य दवाओं और अन्य स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियों तक पहुंच बढ़ाना है।

विवरण:

  • मंत्री ने यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी (ईएमए) का भी दौरा किया।
  • अपनी यात्रा के दौरान श्री खुबा ने यूरोप के सबसे बड़े बंदरगाह रॉटरडैम बंदरगाह का दौरा किया और बंदरगाह के हाइड्रोजन हब योजनाओं के बारे में अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की।
  • रॉटरडैम हाइड्रोजन उत्पादन और परिवहन का केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
    • उन्होंने भारत के ग्रीन हाइड्रोजन मिशन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के कुशल नेतृत्व में ग्रीन हाइड्रोजन में वैश्विक नेता बनने के भारत के लक्ष्य को भी साझा किया।
  • श्री खुबा ने विश्व के सबसे बड़े वैक्सीन उत्पादक बिल्थोवेन बायोलॉजिकल (साइरस पूनावाला ग्रुप) का भी दौरा किया।

4. भारत-इथियोपिया संयुक्त व्यापार समिति का अदीस अबाबा में आयोजन:

सामान्य अध्ययन: 2

अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध:

विषय: द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं वैश्विक समूह और भारत से जुड़े और/ या भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार।

प्रारंभिक परीक्षा: भारत-इथियोपिया संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी)।

मुख्य परीक्षा: भारत-इथियोपिया सम्बन्धों पर प्रकाश डालिये।

प्रसंग:

  • भारत-इथियोपिया संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) के छठे सत्र का 6 से 7 नवंबर, 2023 तक अदीस अबाबा (इथियोपिया) में आयोजन किया गया।

उद्देश्य:

  • दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार में बाधा डालने वाले सभी मुद्दों का शीघ्रता से समाधान करने और दोनों देशों के बीच व्यापार संवर्धन को सुविधाजनक बनाने पर सहमति व्‍यक्‍त की।
  • भारतीय पक्ष ने इथियोपियाई पक्ष को इथियोपिया के एथस्विच के साथ भारत के एकीकृत भुगतान इंटरफेस (UPI) पर सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया।

विवरण:

  • भारतीय पक्ष ने इथियोपिया से स्थानीय मुद्रा में व्यापारिक लेनदेन के निपटान की संभावना का पता लगाने का भी आग्रह किया, जिससे द्विपक्षीय व्यापार संबंधों तथा विदेशी मुद्रा के संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
  • दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों में अभी हाल में हुई विकास की विस्तृत समीक्षा की, जिससे यह पता चला कि इस संबंध को और आगे बढ़ाने की भी काफी संभावनाएं हैं।
  • इस आशय से, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार के साथ-साथ पारस्परिक रूप से लाभकारी निवेश को बढ़ाने के लिए कई प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की।
    • इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल्‍स, कपड़ा, बुनियादी ढांचा परियोजनाएं, खाद्य तथा कृषि प्रसंस्करण इत्यादि शामिल हैं।
    • दोनों पक्षों ने मानकीकरण और गुणवत्ता आश्वासन तथा सीमा शुल्क प्रक्रिया के क्षेत्र में समझौता ज्ञापन के लिए हो रहे विचार-विमर्श की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्रता से पूरा करने के बारे में सहमति व्यक्त की।

पृष्ठ्भूमि:

  • इथियोपिया संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य अफ्रीकी क्षेत्र में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, वर्ष 2021-22 में इसकी अनुमानित प्रगति 6.4 प्रतिशत रही।
    • 2022-23 में भारत और इथियोपिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 642.59 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा।
    • भारत, इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है।
    • भारतीय कंपनियां इथियोपिया में शीर्ष तीन विदेशी निवेशकों में से एक हैं, जिनका मौजूदा भारतीय निवेश 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है, जिसमें से लगभग 3-4 बिलियन अमेरिकी डॉलर का वास्‍तविक निवेश होने का अनुमान है।
    • भारतीय कंपनियों ने कृषि और फूलों की खेती, इंजीनियरिंग, प्लास्टिक, विनिर्माण, कपास और कपड़ा, जल प्रबंधन, फार्मास्यूटिकल्स तथा स्वास्थ्य सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है।

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

1.दुबई एयर शो 2023 में भारतीय वायुसेना का दस्ता शामिल:

  • भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का एक दस्ता 13 से 17 नवम्बर, 2023 तक दुबई में होने वाले द्विवार्षिक एयरशो में भाग लेने के लिए दुबई के अल मकतूम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा है।
  • आईएएफ दस्ते में दो स्वदेशी प्लेटफॉर्म – हल्का लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस और अत्याधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव शामिल हैं।
  • हांलाकि एयरशो के दौरान तेजस स्थैतिक और हवाई प्रदर्शन दोनों का हिस्सा होगा; सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम अपने एरोबेटिक्स कौशल का प्रदर्शन करेगी।
  • 2021 संस्करण में भी भाग लेने के बाद, तेजस और सारंग प्रदर्शन टीमों के लिए दुबई एयरशो में भीड़ को मंत्रमुग्ध करने का यह लगातार दूसरा अवसर है।
  • आईएएफ दस्ते का प्रदर्शन उसके सी-17 ग्लोबमास्टर III परिवहन विमान द्वारा किया जा रहा है।
  • टीमें सबसे पहले 13 नवम्बर 2023 को उद्घाटन समारोह में प्रदर्शन करेंगी और उसके बाद दुनिया की अन्य प्रमुख हवाई प्रदर्शन टीमों के साथ हवाई क्षेत्र साझा करेंगी।
  • यह तेजस और ध्रुव जैसे स्वदेशी प्लेटफार्मों की भागीदारी के माध्यम से भारतीय विमानन उद्योग द्वारा की गई तीव्र प्रगति को प्रदर्शित करने का भी एक अवसर है।

Comments

Leave a Comment

Your Mobile number and Email id will not be published.

*

*