Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

10 नवंबर 2023 : PIB विश्लेषण

विषयसूची:

  1. रक्षा मंत्री और अमेरिकी रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत में व्यापक रक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की
  2. भारत और बांग्लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और एक्स-बोंगोसागर अभ्यास किया
  3. सितंबर 2023 में भारत का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) 5.8 प्रतिशत बढ़ा
  4. आयुर्वेद दिवस देशभर में व्यापक स्तर पर मनाया गया

1. रक्षा मंत्री और अमेरिकी रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत में व्यापक रक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की

सामान्य अध्ययन: 2

अंतर्राष्ट्रीय संबंध

विषय: द्विपक्षीय संबंध, रक्षा औद्योगिक सह प्रौद्योगिकी सहयोग एवं सहयोगात्मक विकास

प्रारंभिक परीक्षा: इंडस-एक्स

मुख्य परीक्षा: भारत-अमेरिका रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी तथा रक्षा औद्योगिक सहयोग

प्रसंग:

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

विवरण:

  • दोनों मंत्रियों के बीच व्यापक रक्षा और रणनीतिक विषयों पर चर्चा हुई।
  • इस बातचीत में रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने तथा दोनों पक्षों के रक्षा उद्योगों को एक साथ मिल कर सहयोगपूर्वक सह-विकास और रक्षा प्रणालियों का सह-उत्पादन करने पर विशेष फोकस किया गया।
  • दोनों देशों के मंत्रियों ने महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान के साथ अपने रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों और साधनों पर चर्चा की।
  • उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम, इंडस-एक्स की प्रगति की समीक्षा की, जिसे इस वर्ष जून में लॉन्च किया गया था और इसका उद्देश्य भारत और अमेरिका की सरकारों, व्यवसायों और अकादमिक संस्थानों के बीच रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी तथा रक्षा औद्योगिक सहयोग का विस्तार करना है।
  • अमरीकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने बहरीन स्थित मुख्यालय वाली बहुपक्षीय संरचना, संयुक्त समुद्री बलों की पूर्ण सदस्यता बढ़ाने के भारत के निर्णय का स्वागत किया।
  • रक्षा मंत्री ने अमेरिकी रक्षा पीओडब्ल्यू एमआईए अकाउंटिंग एजेंसी मिशन के हिस्से के रूप में असम में बरामद कुछ वस्तुओं को प्रतीकात्मक रूप से अमेरिकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन को सौंपा।
  • इन वस्तुओं में द्वितीय विश्व युद्ध के समय की अमेरिकी सेनाओं के पैराशूट, वर्दी और हवाई जहाज के हिस्से शामिल हैं।

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

1. भारत और बांग्लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और एक्स-बोंगोसागर अभ्यास किया

  • भारतीय नौसेना और बांग्लादेश नौसेना के बीच द्विपक्षीय अभ्यास का चौथा संस्करण बोंगोसागर-23 तथा दोनों देशों की नौसेनाओं द्वारा कॉर्डिनेटेड पेट्रोल- (समन्वित गश्ती-कॉरपेट) का 5वां संस्करण 07 से 09 नवंबर 2023 तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी में संचालित किया गया था।
  • दोनों देशों की नौसेनाओं ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के आसपास संयुक्त गश्त की और बाद में इंटरऑपरेबिलिटी (अंतरसंचालनीयता) बढ़ाने के लिए समुद्री अभ्यास किया।
  • भारतीय नौसेना के जहाज कुठार, किल्टान और समुद्री गश्ती विमान (एमपीए) डोर्नियर ने बांग्लादेश नौसेना के जहाज अबू बक्र, अबू उबैदा और एमपीए के साथ अभ्यास में भाग लिया।
  • जहाजों ने कम्युनिकेशन ड्रिल, सरफेस गन-शूट, सामरिक युद्धाभ्यास तथा अन्य अभ्यास किए जो स्टीम पास्ट के साथ समाप्त हुए। कॉरपेट-23 में दोनों नौसेनाओं के बीच पहला मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास भी हुआ, जिसमें समुद्र में खोज और बचाव परिदृश्य का अभ्यास किया गया था।
  • नियमित द्विपक्षीय अभ्यास तथा समन्वित गश्ती ने दोनों नौसेनाओं के बीच आपसी समझ और सहयोग को मजबूत किया है।
  • आईएनएस कुठार एक स्वदेश निर्मित गाइडेड-मिसाइल कार्वेट है, जबकि आईएनएस किल्टान एक स्वदेश निर्मित पनडुब्बी रोधी कार्वेट है।
  • दोनों जहाज विशाखापत्तनम स्थित भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का हिस्सा हैं, जो पूर्वी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के ऑपरेशनल कमान के अंतर्गत काम करता है।

2. सितंबर 2023 में भारत का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) 5.8 प्रतिशत बढ़ा

  • औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) का त्वरित अनुमान हर महीने की 12 तारीख (या पिछले कार्य दिवस अगर 12 तारीख को अवकाश है) को जारी किए जाते हैं।
  • यह छह सप्ताह के अंतराल के साथ स्त्रोत एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों को एक साथ संकलित करके जारी किए जाते हैं।
  • स्रोत एजेंसियों को उत्पादक कारखानों/प्रतिष्ठानों से डेटा प्राप्त होता है।
  • सितंबर 2023 माह के लिए, आधार वर्ष 2011-12 के साथ औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) का त्वरित अनुमान 141.6 है।
  • सितंबर 2023 माह के लिए खनन, विनिर्माण और विद्युत क्षेत्रों के लिए औद्योगिक उत्पादन के सूचकांक क्रमशः 111.5, 140.6 और 205.9 पर हैं।
  • आईआईपी की संशोधन नीति के अनुसार इन त्वरित अनुमानों में आगामी रिलीज में संशोधन किया जाएगा।
  • उपयोग-आधारित वर्गीकरण के अनुसार, सितंबर 2023 माह के लिए सूचकांक प्राथमिक वस्तुओं के लिए 138.8, पूंजीगत वस्तुओं के लिए 111.6, मध्यवर्ती वस्तुओं के लिए 153.8 और बुनियादी ढांचे/निर्माण वस्तुओं के लिए 168.7 है।
  • इसके अलावा, उपभोक्ता के लिए टिकाऊ वस्तुओं और उपभोक्ता के लिए गैर-टिकाऊ वस्तुओं का सूचकांक सितंबर 2023 माह के लिए क्रमशः 125.0 और 142.6 पर है।

3. आयुर्वेद दिवस देशभर में व्यापक स्तर पर मनाया गया

  • केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आठवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कहा कि परमाणु ऊर्जा, कीटनाशकों और विषैले वातावरण के इस युग में आयुर्वेद एक वरदान की तरह है।
  • निरंतर प्रयासों से आयुष मंत्रालय ने देश भर में आठ हजार से अधिक वेलनेस सेंटर स्थापित किये हैं।
  • आयुष क्षेत्र की सेवा वितरण को और सुदृढ़ करने के लिए आयुष ग्रिड परियोजना आरंभ की गई और इसे मजबूत करने की व्यवस्था की गई।
  • आयुर्वेद दिवस प्रति वर्ष धन्वंतरि जयंती पर मनाया जाता है। प्रति वर्ष कार्यक्रम आयोजित करने से आयुर्वेद दिवस की ख्याति दुनिया भर में बढ़ी है।
  • वैश्विक विस्तार के कारण दुनिया भर में औषधीय पौधों की खेती की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है।
  • इस बार आठवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुर्वेद दिवस की एक माइक्रो वेबसाइट बनाई गई जिसे दुनिया भर से करीब बीस करोड़ लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ।
  • आयुर्वेद दिवस के वैश्विक अभियान ‘एक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद’ के संदेश और जी-20 बैठक की वैश्विक थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम’ ने ऐसी अमिट छाप छोड़ी है जिसका पूरा विश्व अवलोकन कर रहा है।
  • आयुर्वेदिक दवाओं के आणविक गुणधर्मों को समझने के लिए आईआईटी, एम्स और सीएसआईआर जैसे संस्थानों ने आयुष के साथ हाथ मिलाया है।
  • इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) की मदद से देशभर में विद्यमान औषधीय पौधों का मानचित्रण किया जा रहा है।
  • आयुर्वेद केवल मानव स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है बल्कि इससे जुड़े अन्य विषय भी हैं जैसे वृक्षायुर्वेद, पशु आयुर्वेद और ये सभी मिलकर एक स्वस्थ आयुर्वेद वातावरण का निर्माण करते हैं।
  • माइक्रोसाइट 102 देशों तक पहुंची और 424 स्थानों पर “रन फॉर आयुर्वेद” का आयोजन किया गया।
  • उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कार कार्यक्रम में आयुर्वेद के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कारों की घोषणा की गई।
  • आयुर्वेद दिवस का दो दिवसीय कार्यक्रम इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि हमें जनभागीदारी के माध्यम से आयुर्वेद के जन संदेश को जन आंदोलन में बदलना है और आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है।

Comments

Leave a Comment

Your Mobile number and Email id will not be published.

*

*