Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

UPSC परीक्षा कम्प्रेहैन्सिव न्यूज़ एनालिसिस - 23 April, 2023 UPSC CNA in Hindi

23 अप्रैल 2023 : समाचार विश्लेषण

A. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 1 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

B. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

अंतर्राष्ट्रीय संबंध:

  1. हक्की पिक्की: सूडान के गृहयुद्ध में फंसा जनजातीय समुदाय

सामाजिक न्याय:

  1. आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रण अतार्किक व्यवस्थाओं से प्रभावित

C. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित:

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी:

  1. ‘आशावादी’ अंतरिक्ष नीति में क्षेत्र के निजीकरण की योजना निहित है

D. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 4 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

E. संपादकीय:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

F. प्रीलिम्स तथ्य:

  1. ISRO ने सिंगापुर के दो उपग्रहों के साथ PSLV-C55 लॉन्च किया
  2. नशीले पदार्थों को जड़ से ख़त्म करने के लिए केंद्र की अफीम, भांग के खिलाफ अभियान की योजना

G. महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. 12 साल के अंतराल के बाद पुष्करालु महोत्सव का आयोजन
  2. भूत कोला

H. UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

I. UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

अंतर्राष्ट्रीय संबंध:

हक्की पिक्की: सूडान के गृहयुद्ध में फंसा जनजातीय समुदाय

विषय: विभिन्न देशों की राजनीति का भारत के हित पर प्रभाव

प्रारंभिक परीक्षा: हक्की पिक्की जनजाति

मुख्य परीक्षा: हक्की पिक्की जनजाति पर सूडान के युद्ध का प्रभाव

संदर्भ:

  • हक्की पिक्की (कर्नाटक में पक्षियों को पकड़ने वाली जनजाति) समुदाय के कुछ सदस्य सूडान में गृहयुद्ध में फंस गए हैं।

विवरण:

  • हक्की पिक्की समुदाय के कुछ सदस्य सूडान में गृह युद्ध में फंस गए हैं। वे सूडानी राजधानी खार्तूम और पश्चिम सूडान के दारफुर क्षेत्र में फंसे हुए हैं।
    • हक्की पिक्की कर्नाटक की खानाबदोश जनजाति है।
    • ये विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की सूची में शामिल नहीं हैं।
  • पक्षियों को पकड़ना हक्की पिक्की समुदाय का पारंपरिक पेशा है।
  • हालांकि, घने जंगलों के खत्म होने से उनका जीवित रहना मुश्किल हो गया। उनके पास शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण का भी अभाव है।
  • नतीजतन, वे जीविकोपार्जन के लिए अपने मूल ज्ञान का उपयोग करने के लिए अफ्रीका चले गए।
  • यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि अफ्रीका की अपनी स्वदेशी औषधि है और भारत के इन हर्बल चिकित्सकों को विशेष रूप से महामारी के बाद इस क्षेत्र में स्वीकृति मिली है।
  • वन-आधारित वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए जनजाति के प्रतिनिधियों ने गैबॉन और कैमरून (सूडान के अलावा) का भी दौरा किया था।
  • दारफुर क्षेत्र में संघर्ष के कारण लाखों लोग फंसे हुए हैं और वहां अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएँ नष्ट हो गईं हैं। इसने हक्की पिक्की समुदाय के लिए हर्बल औषधि बेचने का एक शानदार व्यावसायिक अवसर प्रदान किया।
  • चूँकि सूडान संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है, ऐसे में इस समुदाय के सदस्यों ने सूडान से या तो वापस भारत या पड़ोसी स्थानों जैसे चाड या इथियोपिया में अपने स्थानांतरण की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें: Sudan Conflict Explained [UPSC Notes]

सारांश:

  • हक्की पिक्की जनजाति जो आजीविका के बेहतर अवसरों की तलाश में सूडान प्रवास कर गई थी, सूडान में जारी गृहयुद्ध में फंस गई है। उन्होंने भारत में अपनी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

सामाजिक न्याय:

आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रण अतार्किक व्यवस्थाओं से प्रभावित

विषय: सामाजिक क्षेत्र-बच्चों और स्वास्थ्य के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय

प्रारंभिक परीक्षा: पशु जन्म नियंत्रण नियम, 2023

मुख्य परीक्षा: भारत में आवारा कुत्तों के संकट से जुड़े विभिन्न मुद्दे

संदर्भ:

  • आवारा कुत्तों द्वारा लोगों, विशेषकर बच्चों पर कई हमले किए गए हैं।

विवरण:

  • बच्चों, विशेषकर गरीब और ग्रामीण बच्चों के बीच कुत्तों के काटने के मामलों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
  • यह तर्क दिया जा रहा है कि इसके पीछे मुख्य अपराधी पशु जन्म नियंत्रण (ABC) नियम, 2001 है जिसे संस्कृति मंत्रालय द्वारा पेश किया गया था। इसे अब ABC नियम 2023 द्वारा प्रतिस्थापित किया गया है।
  • यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि कुत्ते अविश्वसनीय रूप से प्रजनन करने वाले जानवर हैं, और उच्च दर पर प्रजनन करते हैं।
  • कुत्तों के शिकारी व्यवहार के परिणामस्वरूप गंभीर चोटें लग सकती हैं और यहां तक कि मौत भी हो सकती है, खासकर युवा और बुजुर्ग आबादी के बीच।
  • हालांकि, कुत्ते वन्य जीवन को नुकसान पहुंचाने और जैव विविधता के भारी नुकसान का भी एक प्रमुख कारण हैं।
  • कुत्तों का आतंक आम नागरिकों को उनके जीवन के अधिकार, स्वतंत्र आवाजाही और सुरक्षित वातावरण से वंचित करता है।
  • तमाम नकारात्मकताओं के बावजूद, यह भी याद रखना चाहिए कि कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए कठोर नीतियों का निर्माण करना भी अमानवीय है।

स्रोत: The Hindu

यह भी पढ़ें: UPSC Exam Comprehensive News Analysis. Mar 24th, 2023 CNA. Download PDF

सारांश:

  • यह तर्क दिया जाता है कि पशु जन्म नियंत्रण नियम 2023 में अतार्किक व्यवस्थाएँ की गई हैं और इसमें कई खामियां हैं। इंसानों और जानवरों दोनों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए नियमों पर दोबारा गौर किया जाना चाहिए।

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित:

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी:

‘आशावादी’ अंतरिक्ष नीति में क्षेत्र के निजीकरण की योजना निहित है

विषय: अंतरिक्ष के क्षेत्र में विकास

प्रारंभिक परीक्षा: भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023

मुख्य परीक्षा: भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023

संदर्भ:

  • हाल ही में भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 जारी की गई थी।

विवरण:

  • भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 ने भारत के निजी स्टार्टअप क्षेत्र को आकर्षित किया है।
  • नीति का लक्ष्य है:
    • अंतरिक्ष क्षमताओं में वृद्धि करना।
    • अंतरिक्ष में समृद्ध व्यावसायिक उपस्थिति को सक्षम, प्रोत्साहित और विकसित करना।
    • प्रौद्योगिकी विकास के चालक के रूप में अंतरिक्ष का उपयोग करना और संबद्ध क्षेत्रों में लाभ प्राप्त करना।
    • अंतरराष्ट्रीय संबंधों को आगे बढ़ाना और सभी हितधारकों के बीच अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र निर्मित करना।
  • निजी क्षेत्र की भागीदारी भारतीय कंपनियों तक सीमित होगी, इसके अलावा, स्वचालित मार्ग के माध्यम से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश वर्तमान में अनसुलझा मुद्दा है।
  • नीति की विशिष्ट विशेषताओं में से एक इसरो के सुदूर संवेदी उपग्रह से मुक्त डेटा अभिगम को सक्षम करना है।
    • इसके अनुसार, पांच मीटर से अधिक ग्राउंड सैंपल डिस्टेंस (GSD) वाले उपग्रह चित्र स्वतंत्र रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: UPSC Exam Comprehensive News Analysis. Apr 7th, 2023 CNA. Download PDF

भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 की चार संस्थाएँ

  • इन-स्पेस (IN-SPACe) (भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन व प्राधिकरण केंद्र):
    • इन-स्पेस को लॉन्च पैड स्थापित करने, उपग्रहों को खरीदने और बेचने, उच्च-रिज़ॉल्यूशन डेटा का प्रसार करने, अंतरिक्ष लॉन्च के लिए प्राधिकरण एजेंसी आदि के लिए “एकल विंडो” क्लीयरेंस और प्राधिकरण एजेंसी बनाया गया है।

विवरण के लिए, यहां पढ़ें: Private Space Sector in India

  • न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL):
    • NSIL अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों के व्यावसायीकरण के लिए जिम्मेदार होगा।
    • यह अंतरिक्ष घटकों का विनिर्माण करेगा, पट्टे पर लेगा और प्रापण करेगा।
  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो):
    • यह अंतरिक्ष उद्योग के लिए मानक विकसित करेगा, अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को व्यापक बनाने के लिए शिक्षाविदों के साथ काम करेगा, और अंतरिक्ष बुनियादी ढांचे तथा परिवहन, मानव अंतरिक्ष उड़ान आदि में बढ़त बनाए रखेगा।
    • यह बाह्य अंतरिक्ष में अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित करेगा।
  • अंतरिक्ष विभाग:
    • यह अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों के विकास और विभिन्न देशों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने के लिए नोडल विभाग है।
    • यह समग्र नीति दिशानिर्देश तैयार करेगा।

सारांश:

  • नई अंतरिक्ष नीति 2023 में सभी संबद्ध संस्थाओं की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों में निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ाना है।

संपादकीय-द हिन्दू

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

प्रीलिम्स तथ्य:

  1. ISRO ने सिंगापुर के दो उपग्रहों के साथ PSLV-C55 लॉन्च किया

विषय: सामान्य अध्ययन 3 – विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

प्रारंभिक परीक्षा: PSLV-C55

  • ISRO के PSLV-C55 ने 22 अप्रैल 2023 को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से उड़ान भरी।
  • यह अपने साथ सिंगापुर के दो उपग्रहों TeLEOS-2 को प्राथमिक उपग्रह के रूप में और तथा ल्यूमलाइट-4 को सह-यात्री उपग्रह के रूप में ले गया।
    • TeLEOS-2 में एक सिंथेटिक एपर्चर रडार पेलोड लगा है। इसका उद्देश्य सिंगापुर की विभिन्न एजेंसियों की उपग्रह तस्वीर संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है।
    • ल्यूमलाइट-4 एक प्रौद्योगिकी प्रदर्शन नैनो-उपग्रह है। यह एक उन्नत 12U उपग्रह है जिसे उच्च-प्रदर्शन अंतरिक्ष-जनित VHF डेटा एक्सचेंज सिस्टम (VDES) के तकनीकी प्रदर्शन के लिए बनाया गया है।
  • PSLV-C55 न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) का एक समर्पित वाणिज्यिक मिशन है।
  • यह PSLV की 57वीं उड़ान है और ऐसा 16वां मिशन है जिसमें PSLV कोर अलोन कॉन्फ़िगरेशन (PSLV-CA) का उपयोग किया गया है।
  • इस मिशन में प्रयुक्त PS4 चरण को एक कक्षीय प्लेटफ़ॉर्म के रूप में उपयोग किया गया है। विशेष रूप से, ऐसा तीसरी बार है कि PS4 को उपग्रह से अलग होने के बाद प्रायोगिक प्लेटफ़ॉर्म के रूप में उपयोग किया जाएगा।

साथ ही, इसे भी पढ़िए: Satellite Launch Vehicle Program – PSLV & GSLV [UPSC GS 3 Notes]

  1. नशीले पदार्थों को जड़ से ख़त्म करने के लिए केंद्र की अफीम, भांग के खिलाफ अभियान की योजना

विषय: सामान्य अध्ययन 2 – राजव्यवस्था एवं शासन

प्रारंभिक परीक्षा: नारकोटिक्स कंट्रोल एक्ट

मुख्य परीक्षा: सरकार की नीतियां और हस्तक्षेप।

  • वर्ष 2047 तक भारत को “नशीली दवाओं से मुक्त” बनाने की दिशा में, गृह मंत्रालय का उद्देश्य क्षेत्र के जिला पुलिस अधीक्षक की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट से नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित पदार्थों की बरामदगी और उपयोग को जोड़ने का है।
  • इससे जिम्मेदारी तय होगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
  • नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में भारत में लगभग 35592 एकड़ अफीम की खेती और लगभग 82691 एकड़ भांग नष्ट की गई है।
  • जिन राज्यों में फसल नष्ट की गई उनमें अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान आदि शामिल हैं।
  • मणिपुर सरकार ने अवैध रूप से अफीम उगाने वाले किसानों के लिए एक वैकल्पिक आजीविका योजना शुरू की है। सरकार ने अवैध फसलों को नष्ट करने के लिए नकद प्रोत्साहन भी प्रदान किया है।
  • इसके अलावा, दूरस्थ क्षेत्रों में अवैध फसलों के विनाश का विश्लेषण करने के लिए ड्रोन का उपयोग किया गया था।
  • पिछले तीन वर्षों में NCB द्वारा लगभग 2412 व्यक्तियों (224 विदेशियों सहित) को गिरफ्तार किया गया।
  • केंद्रीय गृह मंत्रालय अवैध व्यापार की रोकथाम के लिए नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (PITNDPS) अधिनियम, 1988 के उदार कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करता है।
    • इसमें अदालत के हस्तक्षेप के बिना किसी व्यक्ति को दो साल तक हिरासत में रखने का प्रावधान है।
    • आदेश केंद्र/राज्य सरकार या केंद्र सरकार के ऐसे किसी भी अधिकारी जो संयुक्त सचिव के पद से नीचे का नहीं हो, द्वारा पारित किया जा सकता है।
  • देश के सभी राज्यों द्वारा एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया है।
  • 2022 में, NCB ने 33 मामलों की वित्तीय जाँच की, जिसमें ₹17 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की गई थी।
  • राष्ट्रीय नारकोटिक्स समन्वय पोर्टल पर जिला स्तर तक जानकारी बनाए रखते हुए दवाओं के स्रोत और गंतव्य का विवरण मौजूद है।
  • निदान (NIDAAN) डेटाबेस नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किए गए सभी संदिग्धों और दोषियों की तस्वीरें, उंगलियों के निशान, अदालत के आदेश, सूचना और विवरण संग्रहीत करता है।
  • इसके अलावा, ऐसे मामलों से निपटने के लिए लोक अभियोजकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. 12 साल के अंतराल के बाद पुष्करालु महोत्सव का आयोजन:
    • पुष्करालु उत्सव 22 अप्रैल 2023 को वाराणसी में शुरू हुआ।
    • यह तेलुगु आबादी द्वारा मनाया जाने वाला 12 दिवसीय उत्सव है जिसमें तीर्थयात्री गंगा और अपने पूर्वजों की पूजा करते हैं।
    • इसका आयोजन 12 साल के अंतराल के बाद किया जा रहा है।
    • बड़ी संख्या में तेलुगु लोग वाराणसी आएंगे। दक्षिण भारत के तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।
  2. भूत कोला:
  • कोला या नेमा ड्रम, संगीत और अन्य अनुष्ठानों के साथ किया जाने वाला एक उग्र नृत्य है।
  • यह प्रकृति की भावना का आह्वान करने के लिए किया जाता है क्योंकि तुलुव (तुलु भाषा बोलने वाले लोग) सर्वात्मवाद (animism) में विश्वास करते हैं।
  • कोला नृत्य करने का पारंपरिक अधिकार, क्षेत्र के नालिके (Nalike) और परावा (Parava) जनजातियों का है।
  • भूत कोला का मौसम जनवरी में शुरू होता है और मई तक चलता है।
  • भूत कोला खुले आसमान में किया जाता है। यह एक अनुष्ठान प्रदर्शन है जो रात में शुरू होता है और सुबह के शुरुआती घंटों तक चलता रहता है।
  • यह पंचुरुली (Panchuruli), कल्लूरुत्ती (Kallurutti), कोरागज्जा (Koragajja) आदि रूपों में होता है।
  • यह मूल रूप से कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों और केरल के कासरगोड जिले के उत्तरी भागों में होता है।
  • यह केरल के तेय्यम/थेय्यम के समान है।
  • प्रशिक्षित भूत कोला कलाकार आविष्ट अवस्था में भगवान के आविर्भाव के रूप में पूजनीय होता है।
  • भूत कोला की पोशाक:
    • यह तेय्यम/थेय्यम की पोशाक की भांति असाधारण रूप से चमकीली नहीं होती है।
    • यह जटिल रूप से बुने हुए ताड़ के पत्तों से बनी होती है।
    • चेहरे की पेंटिंग विस्तृत होती है (तेय्यम के समान)।
  • इस नृत्य प्रदर्शन को कांतारा नामक फिल्म से लोकप्रियता हासिल हुई है।

स्रोत: The Hindu

UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (PMBJP) के संदर्भ में, निम्नलिखित कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं? (स्तर-मध्यम)

  1. इसकी शुरुआत स्वास्थ्य मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग द्वारा की गई थी।
  2. इस योजना के तहत, सस्ती कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जनऔषधि केंद्र के रूप में जाने जाने वाले समर्पित आउटलेट खोले गए हैं।
  3. एक दवा की कीमत का निर्धारण उक्त दवा की शीर्ष तीन ब्रांडों की औसत कीमत के अधिकतम 25% के सिद्धांत पर किया जाता है।

विकल्प:

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1, 2 और 3
  4. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: b

व्याख्या:

  • कथन 1 सही नहीं है: इसकी शुरुआत रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत फार्मास्यूटिकल्स विभाग द्वारा की गई थी।
  • कथन 2 सही है: सस्ती कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए योजना के तहत जनऔषधि केंद्र या समर्पित आउटलेट खोले गए हैं।
  • कथन 3 सही नहीं है: खरीदी गई जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं के बाजार मूल्य की तुलना में 50% से 90% कम कीमत पर बेची जाती हैं।

प्रश्न 2. निम्नलिखित कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं? (स्तर-सरल)

  1. भारतीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा कार्यक्रम एक पहल है जिसकी शुरुआत कारगिल युद्ध के बाद की गई थी।
  2. एक्सो-वायुमंडलीय इंटरसेप्सन (Exo-atmospheric interception) का मतलब है कि भारतीय परीक्षण एजेंसियों द्वारा दागी गई मिसाइल पृथ्वी के वायुमंडल के भीतर आने वाली दुश्मन बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट कर देगी।

विकल्प:

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. दोनों
  4. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: a

व्याख्या:

  • कथन 1 सही है: इसे कारगिल युद्ध के बाद 2000 में लॉन्च किया गया था।
  • कथन 2 सही नहीं है: एंडो-वायुमंडलीय इंटरसेप्सन का अर्थ है कि भारतीय परीक्षण एजेंसियों द्वारा दागी गई मिसाइल ने दुश्मन बैलिस्टिक मिसाइल को पृथ्वी के वायुमंडल के भीतर नष्ट कर दिया। जबकि एक्सो-वायुमंडलीय इंटरसेप्सन का अर्थ पृथ्वी के वायुमंडल के बाहर अत्यधिक ऊंचाई पर इस क्रिया से है।

प्रश्न 3. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: (स्तर-कठिन)

  1. ताम्रलिप्त (ताम्रलिप्ति) अरब सागर के तट पर अवस्थित एक बंदरगाह शहर था।
  2. गुप्त वंश के दौरान, ताम्रलिप्त मुख्य विक्रय केंद्र था, जो सीलोन, जावा और चीन के साथ व्यापार के लिए प्रस्थान बिंदु के रूप में कार्य करता था।
  3. चीनी तीर्थयात्री फैक्सियन ने 5वीं शताब्दी में इस शहर की यात्रा की थी, और जुआनज़ैंग ने 7वीं शताब्दी में यहाँ की यात्रा की थी।

उपर्युक्त कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 1 और 3
  4. 1, 2 और 3

उत्तर: b

व्याख्या:

  • कथन 1 सही नहीं है: ताम्रलिप्त या ताम्रलिप्ति बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित एक बंदरगाह शहर था।
  • कथन 2 सही है: गुप्त राजवंश के दौरान, ताम्रलिप्त मुख्य विक्रय केंद्र था, जो सीलोन, जावा और चीन के साथ व्यापार के प्रस्थान बिंदु के रूप में कार्य करता था।
  • कथन 3 सही है: चीनी तीर्थयात्री फैक्सियन ने 5वीं शताब्दी में इस शहर की यात्रा की थी, और जुआनज़ैंग ने 7वीं शताब्दी में यहाँ की यात्रा की थी।

प्रश्न 4. एनोरेक्सिया नर्वोसा निम्नलिखित में से क्या है? (स्तर-कठिन)

  1. यह असामान्य या अत्यधिक वसा संचय वाली एक जटिल, चिरकालिक बीमारी है।
  2. इसमें नींद की अवस्था में उठना और घूमना शामिल है।
  3. यह एक खाने का विकार है जिसके कारण लोगों का वजन कम होता है।
  4. यह एक ऐसी स्थिति है जब थायरॉयड ग्रंथि पर्याप्त थायराइड हार्मोन नहीं बनाती है।

उत्तर: c

व्याख्या:

एनोरेक्सिया नर्वोसा खाने का एक विकार है जिसके कारण लोग वजन बढ़ने के डर से कम खाना खाते हैं।

प्रश्न 5. निम्नलिखित में से किसे स्ट्रेंजर गैस भी कहा जाता है? (स्तर-सरल)

  1. आर्गन
  2. नियॉन
  3. ज़ेनान (Xenon)
  4. नाइट्रस ऑक्साइड

उत्तर: c

व्याख्या:

ज़ेनान को स्ट्रेंजर गैस कहा जाता है क्योंकि यह अक्रिय गैस समूह से संबंधित है, जिसके तत्व यौगिक निर्माण के लिए किसी भी चीज के साथ अभिक्रिया नहीं करते हैं।

UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 को सुरक्षा पर भारतीय कैबिनेट समिति द्वारा अनुमोदित किया गया है। स्वतंत्र अंतरिक्ष नीति (open space policy) से आप क्या समझते हैं? इसके लाभों और संभावित कमियों पर चर्चा कीजिए। (250 शब्द; 15 अंक) [GS-3, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी]

प्रश्न 2. दुनिया के दो सबसे बड़े अवैध अफीम उत्पादक देशों से भारत की निकटता ने इसकी आंतरिक सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है। नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों जैसे अवैध रूप से हथियार पहुँचाना, धन शोधन और मानव तस्करी के बीच संबंधों की व्याख्या कीजिए। इसे रोकने के लिए कौन से प्रति-उपाय किए जाने चाहिए? (250 शब्द; 15 अंक) [GS-3, आंतरिक सुरक्षा]