23 मई 2023 : समाचार विश्लेषण

A. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 1 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

B. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

अंतर्राष्ट्रीय संबंध

  1. प्रधानमंत्री ने तीसरे FIPIC शिखर सम्मेलन में प्रशांत द्वीप देशों के मूल्यों की प्रशंसा की:

C. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

D. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 4 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

E. संपादकीय:

अर्थव्यवस्था

  1. सुरक्षित हवाई यात्रा सुनिश्चित करने का समय

F. प्रीलिम्स तथ्य:

  1. परख
  2. कॉम्ब-जेली और उनका तंत्रिका तंत्र
  3. आईएनएस सिंधुरत्न

G. महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. चीन के साथ प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिका ने पापुआ न्यू गिनी के साथ सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए
  2. 2023 के अंत तक असम से AFSPA हटाने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री

H. UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

I. UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित

अंतर्राष्ट्रीय संबंध

प्रधानमंत्री ने तीसरे FIPIC शिखर सम्मेलन में प्रशांत द्वीप देशों के मूल्यों की प्रशंसा की

विषय: भारत से संबंधित द्विपक्षीय समूह और समझौते।

प्रारंभिक परीक्षा: फोरम फॉर इंडिया पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (FIPIC) के बारे में।

मुख्य परीक्षा: FIPIC का महत्व और प्रशांत द्वीप देशों के साथ भारत का जुड़ाव।

प्रसंग

  • भारत के प्रधानमंत्री पापुआ न्यू गिनी में आयोजित हो रहे फोरम फॉर इंडिया पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (FIPIC) के तीसरे शिखर सम्मेलन के एक भाग के रूप में प्रशांत द्वीप राष्ट्रों के नेताओं के साथ बैठक में शामिल हुए।

फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (FIPIC)

  • फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (FIPIC) की शुरुआत नवंबर 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिजी यात्रा के दौरान की गई थी।
  • FIPIC को भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के अनुरूप लॉन्च किया गया था।
  • भारत की यह पहल भी दक्षिण-दक्षिण सहयोग का ही एक हिस्सा है।
  • FIPIC में भारत और 14 प्रशांत द्वीप देश शामिल हैं, जैसे फिजी, पापुआ न्यू गिनी, टोंगा, तुवालु, किरिबाती, समोआ, वानुआतु, न्यू, संघीय राज्य माइक्रोनेशिया, मार्शल द्वीप समूह गणराज्य, कुक द्वीपसमूह, पलाऊ, नाउरू और सोलोमन द्वीपसमूह।
  • इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशांत क्षेत्र में भारत की भागीदारी का विस्तार करना है।
  • भारत ने FIPC के माध्यम से कुछ प्रमुख सहायता परियोजनाओं की पेशकश की है जिसमें जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन के लिए एक विशेष कोष की स्थापना, भारत में एक व्यापार कार्यालय की स्थापना, डिजिटल कनेक्टिविटी में सुधार के प्रयास, सभी 14 प्रशांत द्वीप देशों के लिए भारतीय हवाई अड्डों पर आगमन पर वीजा का विस्तार, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में सहयोग के साथ इन देशों के राजनयिकों को प्रशिक्षण देना शामिल है।
  • इसके अलावा, भारत ने इन 14 प्रशांत द्वीप देशों में से प्रत्येक के लिए वार्षिक “सहायता अनुदान” को 125,000 अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 200,000 अमेरिकी डॉलर कर दिया है।
  • FIPIC का पहला शिखर सम्मेलन नवंबर 2014 में सुवा, फिजी में आयोजित किया गया था।
  • FIPIC का दूसरा शिखर सम्मेलन अगस्त 2015 में जयपुर में आयोजित किया गया था।

FIPIC के तीसरे शिखर सम्मेलन के मुख्य बिंदु

  • प्रशांत द्वीप राष्ट्रों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, भारत के प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशांत महासागर के लघु द्वीपीय राष्ट्र वास्तव में “वृहद महासागरीय राष्ट्र” हैं।
  • प्रधानमंत्री ने एक मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के महत्व पर भी प्रकाश डाला और सदस्य देशों के विकास लक्ष्यों की सहायता के लिए भारत की प्रतिबद्धता के बारे में भी बात की।
  • अतीत में भारत ने संकट के समय में इन देशों को टीके, दवाइयां, गेहूं और चीनी जैसी कुछ अति आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की है।
  • प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि भारत प्रशांत द्वीपीय देशों को हर संभव तरीके से समर्थन देना जारी रखेगा।
  • प्रधानमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा, गरीबी और अकाल जैसी पहले से मौजूद बाधाओं के अलावा खाद्य, ईंधन, उर्वरक और फार्मा की आपूर्ति श्रृंखला के संबंध में नई चुनौतियां हाल के दिनों में उभर रही हैं।
  • पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने बताया कि FIPIC के सदस्य ऊर्जा और खाद्य पर उच्च टैरिफ के कारण पीड़ित हैं, जो हाल ही में बड़े देशों के बीच भू-राजनीतिक तनाव और शक्ति संघर्ष का परिणाम रहा है।
  • एक विशेष समारोह के दौरान, पापुआ न्यू गिनी के गवर्नर जनरल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्रैंड कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगहू (GCL) से सम्मानित किया।
    • यह पापुआ न्यू गिनी का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है।
  • शिखर सम्मेलन के मौके पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिजी गणराज्य के प्रधानमंत्री द्वारा फिजी के सर्वोच्च सम्मान कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी से भी सम्मानित किया गया।

सारांश:

FIPIC के हालिया शिखर सम्मेलन ने रणनीतिक महत्व हासिल कर लिया है क्योंकि यह ऐसे समय में आयोजित किया गया था जब चीन इस क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता है। इस शिखर सम्मेलन के माध्यम से, भारत ने प्रशांत द्वीप समूह के देशों को सतत विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुप्रयोग के क्षेत्र में समर्थन देने का आश्वासन दिया है।

संपादकीय-द हिन्दू

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित

अर्थव्यवस्था

सुरक्षित हवाई यात्रा सुनिश्चित करने का समय

विषय: अवसंरचना-हवाई अड्डा।

मुख्य परीक्षा: विमान दुर्घटनाएं और संबंधित चिंताएं।

मंगलौर हवाई अड्डे की केस स्टडी:

  • बैंगलोर स्थित एक एनजीओ (पर्यावरण सहायता समूह) ने 1997 में कर्नाटक उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की थी।
    • इसमें बताया गया था कि मंगलौर हवाई अड्डे का दूसरा रनवे आपातकालीन लैंडिंग और टेक-ऑफ के मानकों के अनुरूप नहीं है।
    • हालांकि, इस PIL को खारिज कर दिया गया था।
  • वर्ष 2002 में एक अन्य जनहित याचिका दायर की गई थी। इसे भी खारिज कर दिया गया।
    • इसको लेकर सर्वोच्च न्यायालय में भी अपील की गई थी। लेकिन, शीर्ष अदालत ने ‘हस्तक्षेप’ नहीं किया।
  • नतीजतन, 22 मई 2010 को AIE 812 मंगलौर में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। और लगभग 158 लोग मारे गए।
  • इस मामले की जांच की गई और पायलट को दोषी ठहराया गया। यह तर्क दिया जाता है कि जांच दल ने सरकारी अधिकारियों द्वारा कानूनों या मानदंडों के उल्लंघन की अनदेखी की।

अन्य दुर्घटनाओं के उदाहरण:

  • 2005 में एयर सहारा 737 रनवे से बाहर चला गया था।
  • 2009 में किंगफिशर ATR रनवे से उतर गया था।
  • स्पाइसजेट के साथ भी कईं दुर्घटनाएँ हुईं।
  • अगस्त 2020 को कालीकट में एक दुर्घटना हुई थी जिसमें 21 लोगों की जान चली गई थी।

संबद्ध चिंताएं:

  • अतीत में भारत में कई घटना हुई है जिसके परिणामस्वरूप भारी जानमाल का नुकसान हुआ है।
  • यहां तक कि कई मौकों पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की जांच भी विफल रही है।
  • भारतीय अधिकारी पूर्व के हादसों से सबक सीखने में तत्परता नहीं दिखाते।
  • दुर्घटनाओं के लिए पायलट को दोष देकर अधिकारियों की अक्षमता पर पर्दा डाला जाता है।
  • जांच दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने में विफल रही थी जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता की कमी का संकेत मिलता है।
  • रिपोर्ट में गंभीर त्रुटियों की पहचान करने और सुधारात्मक कार्रवाई करने में विफलता का संकेत मिलता है।
  • कालीकट जैसे संकरे सर्विस रोड के कारण दुर्घटनाओं के बाद बचाव और अग्निशमन वाहनों द्वारा तत्काल बचाव भी मुश्किल होता है।
  • व्यावसायिक हित को देखते हुए एयरलाइंस सुरक्षा दिशानिर्देशों को नजरअंदाज करती हैं।
  • प्रशिक्षण कार्यक्रमों, DGCA द्वारा सुरक्षा ऑडिट और सुधारात्मक उपायों को अपनाने में कमियां हैं।
  • व्यावसायिक आवश्यकताओं के कारण पायलट थक जाते हैं।

भावी कदम:

  • न्यायपालिका को सुरक्षित भारतीय हवाई यात्रा के मामले में सक्रिय रूप से हस्तक्षेप करना चाहिए।
  • इसके अलावा, व्यावसायिक सुरक्षा और प्रशिक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

संबंधित लिंक:

International Civil Aviation Organization (ICAO) – UPSC Notes

सारांश:

चूंकि भारतीय हवाई यात्रा में बड़ी संख्या में विमान में शामिल किए जा रहे हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि दुर्घटनाएं कम हों और यात्रियों के जीवन की सुरक्षा के लिए सुधारात्मक उपाय किए जाएं।

प्रीलिम्स तथ्य:

परख

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित

विषय: शिक्षा; शिक्षा से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित मुद्दे।

प्रारंभिक परीक्षा: परख के बारे में

प्रसंग

  • शिक्षा मंत्रालय ने एक छत्रक के नीचे विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 60 स्कूल परीक्षा बोर्डों के नेटवर्क को एकीकृत करने के उद्देश्य से परख (PARAKH) पर एक कार्यशाला का आयोजन किया।

परख

  • परख (PARAKH) का मतलब है प्रदर्शन मूल्यांकन, समीक्षा एवं समग्र विकास के लिये ज्ञान का विश्लेषण (Performance Assessment, Review, and Analysis of Knowledge for Holistic Development)।
  • परख को राष्ट्रीय शिक्षा नीति – NEP 2020 के एक भाग के रूप में देश की शैक्षिक प्रणाली में सुधार के लिए मानक स्थापित करने और मानदंड निर्धारित करने के लिए एक राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र के रूप में स्थापित किया गया था।
  • परख को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के तहत एक संगठन के रूप में स्थापित किया गया है।
  • परख एक समग्र दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से सभी हितधारकों की परस्पर क्रिया के लिए एक साझा मंच के रूप में कार्य करेगा जो एक निष्पक्ष मूल्यांकन प्रणाली सुनिश्चित करता है जो प्रदर्शन में और छात्रों के मूल्यांकन में समानता को बढ़ावा देता है।
  • परख को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूल बोर्डों को एक साझा मंच पर लाने के लिए प्रयास करने का भी अधिकार है।
  • परख शिक्षण संस्थानों में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने की सुविधा भी प्रदान करेगा।
  • परख प्रक्रिया की देखरेख करेगा और राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) और राज्य उपलब्धि सर्वेक्षण जैसे सर्वेक्षण करेगा।

कॉम्ब-जेली और उनका तंत्रिका तंत्र

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित

विषय: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

प्रारंभिक परीक्षा: कॉम्ब-जेली और उनके तंत्रिका तंत्र के बारे में

प्रसंग

  • हाल ही में प्रकाशित एक अध्ययन में कॉम्ब-जेली के तंत्रिका तंत्र पर गहन शोध किया गया है।

कॉम्ब-जेली

चित्र स्रोत: The Hindu

  • कॉम्ब-जेली (टेनोफोर्ज) टेनोफोरा नामक समुद्री अकशेरुकी के एक समूह से संबंधित हैं।
  • कॉम्ब-जेली इंद्रधनुषी कलंगी से घिरे जेली जैसे शरीर वाला एक समुद्री जीव है।
  • कॉम्ब-जेली स्पष्ट तंत्रिका तंत्र के साथ सबसे पुराने जीव वंशों में से एक हैं।
  • टेनोफोर्ज उभयलिंगी होते हैं, अर्थात उनमें नर और मादा दोनों प्रजनन अंग होते हैं।
  • टेनोफोर्ज भी प्रथम जीव की पहचान को लेकर बहस के केंद्र में रहे हैं।

अध्ययन के निष्कर्ष

  • तंत्रिका जाल एक फैला हुआ तंत्रिका तंत्र है जो आपस में जुड़े हुए न्यूरॉन्स से बना होता है और आमतौर पर कॉम्ब-जेली और जेलिफ़िश जैसे साधारण समुद्री जीवों में पाया जाता है।
  • हाल के एक अध्ययन की मदद से, शोधकर्ताओं ने पाया है कि कॉम्ब-जेली में तंत्रिका-जाल न्यूरॉन्स सिनैप्स (मनुष्यों सहित अन्य सभी जीवों में न्यूरॉन्स के बीच जंक्शन) से जुड़े होने के बजाय निरंतर एक प्लाज्मा झिल्ली से जुड़े होते हैं।
  • यह देखा गया कि न्यूराइटिस, जो सिनैप्स बनाने वाले न्यूरॉन की शाखाएँ हैं, सभी एक प्लाज्मा झिल्ली द्वारा आपस में जुड़े हुए थे।

आईएनएस सिंधुरत्न

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित

विषय: सुरक्षा; विभिन्न सुरक्षा बल और संस्थाएँ तथा उनके अधिदेश।

प्रारंभिक परीक्षा: आईएनएस सिंधुरत्न के बारे में

प्रसंग

  • आईएनएस सिंधुरत्न, जिसे रूस में अपग्रेड किया गया, 97 दिनों और करीब 10,000 मील की यात्रा के बाद मुंबई पहुंचा।

आईएनएस सिंधुरत्न

  • आईएनएस सिंधुरत्न भारतीय नौसेना की सिंधुघोष/किलो श्रेणी की डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बी है।
    • सिंधुघोष या किलो-श्रेणी की पनडुब्बियों को प्रोजेक्ट 877 के तहत डिजाइन किया गया था।
    • इसका निर्माण रोसवोरुझेनी (Rosvooruzhenie) और रक्षा मंत्रालय (भारत) के बीच एक अनुबंध के तहत किया गया था।
  • आईएनएस सिंधुरत्न को दिसंबर 1988 में नौसेना में शामिल किया गया था।
  • फरवरी 2014 में आईएनएस सिंधुरत्न के साथ एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें दो अधिकारियों की मौत हो गई थी।
  • घटना के बाद, आईएनएस सिंधुरत्न को रूस में अपग्रेड और मीडियम रिफिट लाइफ सर्टिफिकेशन (MRLC) प्रक्रिया के लिए भेजा गया था।
  • पनडुब्बी अपने आधुनिक हथियार और सेंसर सुइट के साथ पश्चिमी समुद्र तट पर बल के स्तर को बढ़ाएगी, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में पनडुब्बी संचालन का एक नया और रोमांचक अध्याय खुलेगा।

महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. चीन के साथ प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिका ने पापुआ न्यू गिनी के साथ सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए:
  • अमेरिका ने पापुआ न्यू गिनी के साथ एक नए सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं क्योंकि यह प्रशांत क्षेत्र में प्रभाव के लिए चीन के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है।
  • ऑस्ट्रेलिया के ठीक उत्तर में पापुआ न्यू गिनी की अवस्थिति इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है।
    • पापुआ न्यू गिनी द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भयंकर लड़ाइयों का स्थल था, और यह प्रशांत द्वीपीय राष्ट्रों में सबसे अधिक आबादी वाला देश है।
  • दोनों देशों के बीच नया समझौता सुरक्षा सहयोग में सुधार, पापुआ न्यू गिनी के रक्षा बल की क्षमता बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ाने में मदद करने के लिए एक रूपरेखा स्थापित करता है।
  • हालांकि, क्षेत्र के बढ़ते सैन्यीकरण के बारे में चिंताओं के कारण इस समझौते का विरोध किया गया है।
  1. 2023 के अंत तक असम से AFSPA हटाने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री
  • असम के मुख्यमंत्री ने दोहराया कि 2023 के अंत तक राज्य से सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (AFSPA) को हटाने की योजना है।
    • AFSPA, जो सशस्त्र बलों को बिना वारंट के गिरफ्तारी और तलाशी लेने और मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना बल प्रयोग करने का अधिकार देता है, आठ जिलों और एक सब-डिवीजन को छोड़कर असम के अधिकांश जिलों से हटा लिया गया है।
  • मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में पुलिस बलों को प्रशिक्षित करने के लिए सैन्य कर्मियों को नियुक्त किया जाएगा।
  • असम में पुलिस बल को प्रशिक्षण देने के लिए सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने की योजना है।
    • यह केंद्रीय पुलिस को असम पुलिस बटालियनों से प्रतिस्थापित करने की सुविधा प्रदान करेगा।

UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. निम्नलिखित दर्शन और उनके संस्थापक में से कितने युग्म सुमेलित हैं? (स्तर – मध्यम)

  1. योगः पतंजलि
  2. वैशेषिक: जैमिनी
  3. सांख्य: कपिल
  4. न्याय: गौतम

विकल्प:

  1. केवल एक युग्म
  2. केवल दो युग्म
  3. केवल तीन युग्म
  4. सभी चारों युग्म

उत्तर: c

व्याख्या:

  • युग्म 1 सही है: यद्यपि पूर्व-वैदिक काल में योग का अभ्यास किया जा रहा था, महान ऋषि महर्षि पतंजलि ने योग की तत्कालीन मौजूदा पद्धतियों, इसके अर्थ और संबंधित ज्ञान को अपने योग सूत्र के माध्यम से व्यवस्थित और संहिताबद्ध किया।
    • योग दर्शन शरीर और मन के अनुशासन के तरीकों की शिक्षा देता है।
  • युग्म 2 सही नहीं है: वैशेषिक संप्रदाय की स्थापना ऋषि कणाद ने की थी।
    • वैशेषिक संप्रदाय तत्वमीमांसा से संबंधित है।
  • युग्म 3 सही है: सांख्य कपिल ऋषि द्वारा दिए गए सबसे पुराने दर्शन में से एक है।
  • युग्म 4 सही है: ऋषि गौतम न्याय संप्रदाय के संस्थापक हैं।
    • न्याय संप्रदाय एक वैज्ञानिक और तर्कसंगत दृष्टिकोण का अनुसरण करता है।

प्रश्न 2. निम्नलिखित में से कौन OCI कार्ड के लिए पात्र हैं? (स्तर – कठिन)

  1. एक व्यक्ति जिसकी माता भारतीय नागरिक है, लेकिन जिसके पिता संयुक्त राज्य अमेरिका के नागरिक हैं।
  2. एक 80 वर्षीय महिला जिसके माता और पिता भारतीय नागरिक थे, लेकिन उन्होंने 1946 में भारत छोड़ दिया।
  3. एक व्यक्ति जिसके माता-पिता भारत के नागरिक थे, और वह व्यक्ति ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों में सेवारत है।
  4. एक व्यक्ति जिसके दादा-दादी ने कनाडा की नागरिकता प्राप्त करने से पहले कुछ समय के लिए (5 वर्ष से कम) पाकिस्तान की नागरिकता ली थी।

विकल्प:

  1. 1 और 2
  2. 1, 2 और 3
  3. 1, 2, 3 और 4
  4. 2 और 4

उत्तर: a

व्याख्या:

  • OCI कार्ड प्राप्त करने के लिए एक व्यक्ति को निम्नलिखित पात्रता मानदंडों को पूरा करना चाहिए:
    • वह भारतीय मूल का किसी अन्य देश का नागरिक हो। वह संविधान के प्रारंभ पर या उससे पहले भारत का नागरिक था; या
    • वह दूसरे देश का नागरिक है, लेकिन संविधान के प्रारंभ के समय भारत की नागरिकता के लिए पात्र था; या
    • वह दूसरे देश का नागरिक है और एक ऐसे क्षेत्र से संबंधित है जो 15 अगस्त 1947 के बाद भारत का हिस्सा बन गया; या
    • वह ऐसे नागरिक का बेटा/पोता/पड़पोता है; या
    • वह एक नाबालिग बच्चा है, जिसके माता-पिता दोनों भारतीय नागरिक हैं या माता-पिता में से एक भारत का नागरिक है और पति या पत्नी विदेशी मूल का भारतीय नागरिक या OCI कार्डधारक है।
  • इसके आलावा:
    • बांग्लादेश या पाकिस्तान की नागरिकता रखने वाला कोई भी व्यक्ति OCI कार्ड के लिए आवेदन करने का पात्र नहीं है।
    • यहां तक कि किसी विदेशी सेना में सेवा करने की पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति भी OCI कार्ड के लिए आवेदन करने का पात्र नहीं है।
  • इस प्रकार, विकल्प a सही उत्तर है।

प्रश्न 3. निम्नलिखित में से कौन-से कथन सत्य हैं? (स्तर – मध्यम)

  1. अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस हर साल 22 मई को मनाया जाता है।
  2. इस वर्ष की थीम “फ्रॉम एग्रीमेंट टू एक्शन: बिल्ड बैक बायोडायवर्सिटी” थी।
  3. भारत में जैव विविधता के लिए समर्पित एक अधिनियम है, जिसे वर्ष 2002 में पारित किया गया था।

विकल्प:

  1. 1 और 2
  2. 2 और 3
  3. 1 और 3
  4. 1, 2 और 3

उत्तर: d

व्याख्या:

  • कथन 1 सही है: अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस हर साल 22 मई को मनाया जाता है।
    • इसका उद्देश्य जैव विविधता के मुद्दों की समझ और जागरूकता को बढ़ाना है।
  • कथन 2 सही है: अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2023 का विषय “फ्रॉम एग्रीमेंट टू एक्शन: बिल्ड बैक बायोडायवर्सिटी” है।
  • कथन 3 सही है: जैव विविधता की रक्षा करने और स्थानीय समुदायों के साथ जैविक संसाधनों के सतत प्रबंधन की सुविधा के लिए भारत ने जैव विविधता अधिनियम 2002 में पारित किया है।
    • इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य जैव विविधता के संरक्षण, इसके घटकों के सतत उपयोग और इसके संसाधनों के उचित उपयोग को सुनिश्चित करना है ताकि जैव विविधता के अति प्रयोग या संभावित विनाश को रोका जा सके।

प्रश्न 4. हाल ही में चर्चा में रहा सामान्य डेटा संरक्षण विनियमन, संबंधित हैं: (स्तर – सरल)

  1. ई-कॉमर्स फर्मों के लिए भारत सरकार के प्रस्तावित विनियमन।
  2. सीमा पार डेटा विनिमय के लिए विश्व व्यापार संगठन के विनियमन।
  3. यूरोपीय संघ द्वारा अपने नागरिकों के डेटा की सुरक्षा के लिए विनियमन।
  4. नेट तटस्थता के संबंध में संयुक्त राज्य अमेरिका की सीनेट में प्रस्तावित एक विधेयक।

उत्तर: c

व्याख्या:

  • सामान्य डेटा संरक्षण विनियमन (GDPR) एक विनियमन है जो यूरोपीय संघ (EU) और यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र (EEA) में डेटा सुरक्षा और गोपनीयता पर यूरोपीय संघ कानून है।
  • इसे अप्रैल 2016 में यूरोपीय संघ द्वारा अनुमोदित किया गया था और यह 25 मई 2018 को लागू हुआ था।

प्रश्न 5. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: (PYQ 2017) (स्तर – मध्यम)

  1. भारत में हिमालय का विस्तार केवल पाँच राज्यों में है।
  2. पश्चिमी घाट का विस्तार केवल पांच राज्यों में है।
  3. पुलिकट झील का विस्तार केवल दो राज्यों में है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 3
  3. केवल 2 और 3
  4. केवल 1 और 3

उत्तर: b

व्याख्या:

  • कथन 1 सही नहीं है: भारतीय हिमालयी क्षेत्र (IHR) भारत के भीतर का हिमालयी खंड है, जो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू और कश्मीर एवं लद्दाख तथा राज्यों – हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, साथ ही असम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में फैला हुआ है।
  • कथन 2 सही नहीं है: पश्चिमी घाट केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों से होकर गुजरता है।
  • कथन 3 सही है: पुलिकट झील जिस पहले प्रलय कावेरी के नाम से जाना जाता था, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु राज्यों की सीमा पर फैला हुई है, इसका 40% हिस्सा आंध्र प्रदेश में और 60% हिस्सा तमिलनाडु में है।
    • चिल्का झील के बाद यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी खारे पानी की झील या लैगून है।
    • इस झील में पुलिकट झील पक्षी अभयारण्य शामिल है।
    • श्रीहरिकोटा का बैरियर द्वीप इस झील को बंगाल की खाड़ी से अलग करता है।

UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. शिक्षा कोई निषेधाज्ञा/आदेश (injunction) नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन और एक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए एक प्रभावी और व्यापक साधन है। उपरोक्त कथन के आलोक में नई शिक्षा नीति, 2020 (NEP, 2020) का परीक्षण कीजिए।

(250 शब्द; 15 अंक) (सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र-2; शिक्षा)

प्रश्न 2. आकार में छोटे होने के बावजूद, प्रशांत द्वीपीय राष्ट्र भारत की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। टिप्पणी कीजिए।

(250 शब्द; 15 अंक) (सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र-2; अंतर्राष्ट्रीय संबंध)