Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

01 जुलाई 2023 : PIB विश्लेषण

विषयसूची:

  1. राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ
  2. भारतीय नौसेना और फ्रांसीसी नौसेना के बीच समुद्री साझेदारी अभ्यास
  3. औद्योगिक पार्क रेटिंग प्रणाली पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया
  1. राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ

सामान्य अध्ययन-2

स्वास्थ्य:

विषय: स्वास्थ्य से संबंधित विषय

प्रारंभिक परीक्षा: सिकल सेल एनीमिया रोग के बारे में

मुख्य परीक्षा: राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के बारे में

संदर्भ:

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के शहडोल में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ किया और लाभार्थियों को सिकल सेल आनुवंशिक स्थिति कार्ड वितरित किए।
  • प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में लगभग 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कार्ड के वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की।

विवरण:

  • दुनिया में सिकल सेल एनीमिया के 50 प्रतिशत से अधिक मामले भारत में ही सामने आते हैं।
  • इस मिशन का उद्देश्य विशेष रूप से आदिवासी आबादी के बीच सिकल सेल रोग से उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करना है।
  • यह लॉन्च; सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में 2047 तक सिकल सेल रोग को खत्म करने के सरकार के चल रहे प्रयासों का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
  • केंद्रीय बजट 2023 में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया मुक्ति मिशन की घोषणा की गई थी। इसे देश के 17 सर्वाधिक प्रभावित राज्यों – गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम, उत्तर प्रदेश, केरल, बिहार और उत्तराखंड के 278 जिलों में लागू किया जाएगा।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन का यह अभियान अमृत काल का एक प्रमुख मिशन बनेगा। उन्होंने 2047 तक आदिवासी समुदायों और देश को सिकल सेल एनीमिया के खतरे से मुक्त करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
  • प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में लगभग 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कार्डों के वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की।
  • आयुष्मान कार्ड वितरण अभियान कल्याणकारी योजनाओं की 100 प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचने के प्रधानमंत्री के विज़न को साकार करने की दिशा में एक कदम है।

सिकल सेल एनीमिया:

  • सिकल सेल एनीमिया रोग माता-पिता से प्राप्त असामान्य जीन से उत्पन्न आनुवांशिक विकार है।
  • सामान्य लाल रक्त कोशिकाएं (RBC) उभयावतल डिस्क के आकार की होती हैं और रक्तवाहिकाओं में आसानी से प्रवाहित होती हैं, लेकिन सिकल सेल रोग में लाल रक्त कोशिकाओं का आकार अर्धचंद्र/हंसिया(सिकल) जैसा हो जाता है।
  • ये असामान्य लाल रक्त कोशिकाएं (RBC) कठोर और चिपचिपी होती हैं तथा विभिन्न अंगों में रक्त प्रवाह को अवरुद्ध करती हैं।
  • अवरूद्ध रक्त प्रवाह के कारण तेज दर्द होता है और विभिन्न अंगो को क्षति पहुँचाती है।
  • वैज्ञानिक अनुसंधान में पाया गया है कि सिकल सेल जीन मलेरिया के प्रति आंशिक सुरक्षा प्रदान करता है और सामान्यतः मलेरियाग्रस्त क्षेत्रों में पाया जाता है।
  • जैव विकास के दौरान सिकल सेल जीन अफ्रीकी पूर्वजों में उत्पन्न हुआ और इसके मलेरिया प्रतिरोधी गुण के कारण अन्य मलेरियाग्रस्त क्षेत्रों में भी तेजी से फैल गया।
  • यह अफ्रीका के अलावा भूमध्य सागर, मध्य पूर्व और भारत में पाया जाता है।
  • यह बीमारी यूरोप, अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में भी देखी जाती है। भारत में यह छत्तीसगढ़, उड़ीसा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में देखी जाती है।

लक्षण:

  • शारीरिक विकास में अवरूद्धता, वजन और उँचाई सामान्य से कम
  • सामान्य कमजोरी की शिकायत के साथ कमजोर शरीर
  • अत्यधिक खून की कमी और गंभीर एनीमिया
  • पीली त्वचा, रंगहीन नाखून
  • त्वचा एवं आंखों में पीलापन (पीलिया)
  • फ्लैट बोन (माथे की)
  • सतत हल्का बुखार एवं दीर्घकालिक बुखार का रहना
  • सांस लेने में तकलीफ/छोटी-छोटी सांस लेना
  • सामान्य से अधिक थकावट
  • बार-बार पेशाब जाना, मूत्र का गाढ़ापन
  • हडि्‌डयों और पसलियों में दर्द
  • चिड़चिड़ापन हाथ और पैरो में सजून
  • प्रायपिज्म (priapism)
  • बांझपन
  • बार-बार वायरल और बैक्टीरियल संक्रमण

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. भारतीय नौसेना और फ्रांसीसी नौसेना के बीच समुद्री साझेदारी अभ्यास:
    • भारतीय नौसेना के जहाज INS राणा, एक निर्देशित मिसाइल विध्वंसक और स्वदेशी रूप से निर्मित अपतटीय गश्ती जहाज INS सुमेधा ने 30 जून 2023 को बंगाल की खाड़ी में फ्रांसीसी नौसेना के जहाज FS सुरकॉफ के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास किया।
    • विशाखापत्तनम से प्रस्थान पर, FS सुरकॉफ ने भारतीय नौसेना के जहाजों राणा और सुमेधा के साथ विभिन्न समुद्री अभ्यास किए, जिसमें सामरिक युद्धाभ्यास, समुद्र में पुनःपूर्ति दृष्टिकोण, लड़ाकू विमानों के खिलाफ वायु रक्षा और क्रॉस डेक हेलीकॉप्टर संचालन शामिल रहे।
    • अभ्यास का समापन दोनों नौसेनाओं के बीच घनिष्ठ मित्रता की पुष्टि करते हुए जहाजों के बीच एक पारंपरिक विदाई स्टीमपास्ट के साथ हुआ। एफएस सुरकॉफ़ की भारत यात्रा भारतीय नौसेना और फ्रांसीसी नौसेना के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक है।
    • इससे पूर्व इसी वर्ष FS ला फेयेट, एक फ्रिगेट और FS डिक्सम्यूड, एक मिस्ट्रल-क्लास आक्रामक श्रेणी के जहाज ने 10 से 11 मार्च 2023 तक एक निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट INS सह्याद्री के साथ एक साझेदारी अभ्यास में भाग लिया था।
  2. औद्योगिक पार्क रेटिंग प्रणाली पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया:
    • उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने नई दिल्ली में औद्योगिक पार्क रेटिंग प्रणाली (IPRS) पर राष्ट्रीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया।
    • यह कार्यशाला भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता को आगे बढ़ाने के लिए लक्षित एक उल्लेखनीय कार्यक्रम था जिसने भारत में एक मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचे के सृजन में ज्ञान साझाकरण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग और राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों, उद्योग के विशेषज्ञों और हितधारकों को एकजुट किया।
    • औद्योगिक पार्क रेटिंग प्रणाली उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग की एक प्रमुख पहल है।
    • 5 अक्तूबर, 2021 को लांच की गई IPRS 2.0 औद्योगिक पार्कों की चार स्तंभों पर रेटिंग करती है : आंतरिक बुनियादी ढांचा और उपयोगिताएं, बाहरी अवसंरचना और सुविधाएं, व्यवसाय सहायता सेवाएं एवं पर्यावरणगत तथा सुरक्षा प्रबंधन।
    • इस रेटिंग प्रणाली को वाणिज्य विभाग द्वारा नामित 50 अतिरिक्त आर्थिक जोन (SEZ) के साथ-साथ 31 प्रतिभागी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से नामांकन प्राप्त हुए हैं।
    • उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने व्यवसाय पारितंत्र को रूपांतरित करने और निवेश को आकर्षित करने के लिए विभिन्न पहलों को कार्यान्वित किया है। इसके उल्लेखनीय प्रयासों में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की उपस्थिति को सुदृढ़ करने के लिए सचिवों के अधिकार संपन्न समूह की स्थापना, निवेशों में तेजी लाने के लिए परियोजना विकास प्रकोष्ठों, विवेकपूर्ण सुगमीकरण के लिए राष्ट्रीय सिंगल विंडो सिस्टम के साथ निवेश मंजूरी प्रकोष्ठ, एक जिला एक उत्पाद योजना एवं उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना का निर्माण शामिल है।

Comments

Leave a Comment

Your Mobile number and Email id will not be published.

*

*