Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

12 अगस्त 2023 : PIB विश्लेषण

विषयसूची:

  1. भारत में जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी है और यह प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए मुख्य स्थान है:
  2. 11 राज्यों के 49 जिलों में मेगा ऑयल पाम वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया:
  3. DPIIT और ग्रामीण विकास मंत्रालय ने संयुक्त रूप से सरस आजीविका स्टोर में ‘एक जिला एक उत्पाद’ वॉल का उद्घाटन किया:
  4. जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक, 2023:

भारत में जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी है और यह प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए मुख्य स्थान है:

सामान्य अध्ययन 3:

जैव विविधता, पर्यावरण:

विषय: संरक्षण, पर्यावरण प्रभाव का आकलन।।

प्रारंभिक परीक्षा: विश्व हाथी दिवस; हाथी गलियारा (कॉरिडोर); हाथी रिजर्व नेटवर्क से संबंधित तथ्य। ।

प्रसंग:

  • केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने भारत के आर्थिक विकास में जैव विविधता संरक्षण को मुख्यधारा में लाने पर जोर दिया, जिससे पारिस्थितिक की बेहतरी एवं स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
  • विश्व हाथी दिवस के अवसर पर भुवनेश्वर में 12 अगस्त को एक जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत में जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी है और यह प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए मुख्य स्थान है।

विवरण:

  • मंत्री महोदय ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, रेल मंत्रालय, राज्य वन विभागों और भारतीय वन्यजीव संस्थान जैसे राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा रेलगाड़ी से हाथियों को टक्कर लगने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे का समाधान करने के लिए किए गए ठोस प्रयासों पर प्रकाश डाला।
  • इन प्रयासों में से एक, देश में रेलवे नेटवर्क के लगभग 110 महत्वपूर्ण खंडों की पहचान करना है जो हाथियों के आवासों से होकर गुजरते हैं।
  • इन महत्वपूर्ण खंडों में रेलगाड़ी से हाथियों के टक्कर को कम करने के लिए बहुआयामी रणनीतिक योजनाएं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर अंडरपास बनाने, लोको पायलटों को टकराव से बचाने के लिए और बेहतर दृश्यता प्रदान करने हेतु पटरियों के किनारे लगे पेड-पौधों को साफ करना, रैंप की व्यवस्था तथा अन्य उपाय भी किए जाएंगे।
  • रेल मंत्रालय द्वारा ओडिशा सहित देश के अन्य राज्यों में पटरियों के साथ प्रौद्योगिकी आधारित उपायों का पता लगाने वाली प्रणाली को अपनाने पर विचार किया जा रहा है।
  • हाथियों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए देश में सभी कैद हाथियों के जीनोटाइप का पता लगाने के लिए मंत्रालय द्वारा शुरू की गई नई पहल पर प्रकाश डाला गया।
  • मंत्रालय ने पहली बार पूरे देश में हाथी रिजर्वों का प्रबंधन प्रभावशीलता एवं मूल्यांकन करने का काम शुरू किया है।
  • हाथी रिजर्व के लिए प्रबंधन प्रभावशीलता एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को संचालित करने के लिए देश के चार हाथी बहुल क्षेत्रों में चार हाथी रिजर्व की पहचान की गई है।
  • यह हाथी रिजर्व के बीच सर्वश्रेष्ठ पद्धति के मानकीकरण एवं प्रसार की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। पिछले दो वर्षों में देश में हाथी रिजर्व नेटवर्क 76,508 वर्ग किमी से बढ़कर 80,777 वर्ग किमी हो गया है जिसमें 33 हाथी रिजर्व शामिल हैं।
  • विश्व हाथी दिवस समारोह के भाग के रूप में, मंत्री ने हाथी परियोजना द्वारा तैयार एलिफेंट कॉरिडोर ऑफ इंडिया पर रिपोर्ट जारी की।
    • यह रिपोर्ट हाथी रेंज राज्यों के वन विभागों के साथ समन्वय करते हुए देश में चिह्नित सभी हाथी गलियारों (कॉरिडोर) के जमीनी सत्यापन का परिणाम है।
    • रिपोर्ट में मानचित्रों के साथ पूरे देश में 150 हाथी गलियारों (कॉरिडोर) का विवरण शामिल हैं।
    • रिपोर्ट तैयार करने का उद्देश्य इसका उपयोग देश के हाथी गलियारों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तिका के रूप में करना है।
    • यह रिपोर्ट राज्य सरकारों को इन गलियारों का प्रबंधन एवं सुरक्षा के लिए उचित उपाय करने में मदद करेगी जिससे हाथियों और स्थानीय लोगों के बीच संघर्ष की स्थिति न बने और हाथियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
  • एटलस ऑफ एलिफेंट रिजर्व ऑफ इंडिया के दूसरे संस्करण का भी विमोचन किया, जिसका उद्देश्य देश के सभी 33 हाथी रिजर्वों के बारे में बुनियादी जानकारी प्रदान करना है।
  • प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को पूरी दुनिया में विश्व हाथी दिवस मनाया जाता है जिससे पृथ्वी की सबसे प्रतिष्ठित प्रजातियों में से एक का संरक्षण करने में मानव जाति की सामूहिक प्रतिज्ञा की पुष्टि की जा सके। भारत में, हाथियों को राष्ट्रीय विरासत पशु के रूप में देखा जाता है और वे हमारी संस्कृति का प्रमुख हिस्सा हैं।

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. 11 राज्यों के 49 जिलों में मेगा ऑयल पाम वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया
    • खाद्य तेलों पर राष्ट्रीय मिशन-ऑयल पाम के अंतर्गत, राज्य सरकारों ने ऑयल पाम प्रसंस्करण कंपनियों के साथ मिलकर ‘मेगा ऑयल पाम वृक्षारोपण अभियान’ का शुभारंभ किया।
    • 25 जुलाई 2023 को शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य ऑयल पाम की खेती को और बढ़ावा देना, खाद्य तेलों के उत्पादन में देश और किसानों को ‘आत्मनिर्भर’ बनाना शामिल है।
    • इस अभियान के माध्‍यम से 2025-26 तक ऑयल पाम उत्पादन के तहत पाम ऑयल की खेती में 6.5 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को बढ़ाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
    • आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, गोवा, कर्नाटक, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और त्रिपुरा इसके प्रमुख तेल उत्पादक राज्य हैं।
    • मेगा ऑयल पाम वृक्षारोपण अभियान का समापन 12 अगस्त 2023 को हुआ। इस अभियान के माध्यम से, राज्य और कंपनियां 11 राज्यों के 49 जिलों के 77 गांवों में 7000 से अधिक किसानों तक पहुंचने में सक्षम रही और इस दौरान लगभग 3500 हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल करते हुए 5 लाख से अधिक वृक्षारोपण किया गया।
    • इस योजना के अंतर्गत, किसानों को गुणवत्ता रोपण सामग्री, फसल के रखरखाव और इंटरक्रॉपिंग के लिए वित्तीय सहायता सहित विभिन्न प्रोत्साहन भी प्रदान किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, किसानों को उनकी उपज के लिए गारंटीकृत कीमतों के साथ एक सुनिश्चित बाजार भी प्रदान किया जाता है।
  2. DPIIT और ग्रामीण विकास मंत्रालय ने संयुक्त रूप से सरस आजीविका स्टोर में ‘एक जिला एक उत्पाद’ वॉल का उद्घाटन किया
    • देश के स्वदेशी शिल्प और कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय के सहयोग से ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) कार्यक्रम की शुरुआत की है।
    • 11 अगस्त को सरस आजीविका स्टोर में ODOP वॉल के उद्घाटन के साथ इस रणनीतिक सहयोग का अनावरण किया गया। सरस आजीविका स्टोर में ODOP वॉल दो महत्वपूर्ण मंत्रालयों के बीच सामंजस्यपूर्ण साझेदारी का प्रतीक है।
    • सरस आजीविका, दीनदयाल अंत्योदय (DAY-NRLM), ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की एक पहल है।
    • सरस आजीविका महिला सशक्तिकरण का बहुत बड़ा समर्थक है, जिसमें महिला कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों (SHG) के विकास और उत्थान पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
    • अपने बेहतरीन उत्पादों के लिए एक विशेष बाजार तैयार करते हुए, सरस आजीविका महिलाओं के कौशल एवं प्रतिभा को बढ़ावा देता है, जिससे उन्हें स्वतंत्र उद्यमी बनने में सहायता मिलती है।
    • एक महत्वपूर्ण सहयोग के रुप में, ODOP कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ उत्पाद टैगिंग और स्टोरी कार्ड जैसी नवीन सुविधाओं को लागू करने के लिए साथ है। इनका उद्देश्य उपभोक्ताओं और उत्साही लोगों को एम्पोरियम तक लाना है, जिससे बिक्री को बढ़ावा मिल सके और भारत के असाधारण उत्पादों की दृश्यता में बढ़ोत्तरी हो सके।
    • इस ODOP पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण अनुरुप देश के सभी जिलों में संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है।
    • यह कार्यक्रम प्रत्येक जिले से एक विशिष्ट उत्पाद का चयन करता है और उसका प्रचार करता है, जो पूरे देश में उत्पादों की विविध श्रृंखला का प्रदर्शन करता है जिसमें हथकरघा और हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
    • ODOP अपनी पहुंच एवं प्रभाव का विस्तार करने के लिए बड़ी रणनीति के रूप में, देश को विशिष्ट शिल्प कौशल एवं उद्यमिता का आत्मनिर्भर केंद्र बनाने के अपने अभियान के अनुरूप सरकारी एवं निजी संस्थाओं के साथ मूल्यवान सहयोग करता है।
  3. जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक, 2023
    • वर्ष 2023 के लिए “जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक” 140 पुलिस कर्मियों को प्रदान किया गया है।
    • इस पदक का गठन 2018 में अपराध की जांच के उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और जांच में ऐसी उत्कृष्टता को मान्यता देने के उद्देश्य से किया गया था।
    • इसकी घोषणा प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को की जाती है।
    • पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों में से 15 CBI के, 12 NIA के, 10 उत्तर प्रदेश के, 09 केरल और राजस्थान के, 08 तमिलनाडु के, 07 मध्य प्रदेश के, 06 गुजरात के और शेष अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों/संगठन से हैं। इनमें 22 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।

Comments

Leave a Comment

Your Mobile number and Email id will not be published.

*

*