07 मई 2023 : समाचार विश्लेषण

A. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 1 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

B. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

अंतर्राष्ट्रीय संबंध:

  1. रूस के भीतर ड्रोन हमले की घटना में वृद्धि

C. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित:

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी:

  1. FDA ने रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस के लिए पहले टीके को मंजूरी दी

D. सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 4 से संबंधित:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

E. संपादकीय:

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

F. प्रीलिम्स तथ्य:

  1. वैज्ञानिकों ने टीबी हेतु ड्रग रेसिस्टेंट बैक्टीरिया के शुरुआती निदान के लिए डीएनए में म्यूटेशन की पहचान की
  2. हालिया बारिश से उत्तर में कपास की खेती का विस्तार होने की संभावना

G. महत्वपूर्ण तथ्य:

  1. शाही समारोह में चार्ल्स तृतीय का राज्याभिषेक हुआ
  2. 10 भारतीय भाषाओं को तकनीकी-शब्द शब्दकोश में शामिल किया जाएगा

H. UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

I. UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 से संबंधित:

अंतर्राष्ट्रीय संबंध:

रूस के भीतर ड्रोन से हमले की घटना में वृद्धि

विषय: भारत के हित पर विकसित दुनिया की नीतियों और राजनीति का प्रभाव

प्रारंभिक परीक्षा: रूस-यूक्रेन संघर्ष

मुख्य परीक्षा: रूस-यूक्रेन संघर्ष

संदर्भ:

  • क्रेमलिन में ड्रोन हमला।

विवरण:

  • क्रेमलिन के सीनेट पैलेस के ऊपर उड़ने वाले ड्रोन को 3 मई 2023 को रूसी सेना ने मार गिराया था।
  • रूस ने इस घटना को “सुनियोजित आतंकवादी हमला और राष्ट्रपति को निशाना बनाकर उनकी हत्या करने का प्रयास” करार दिया है।
  • हालांकि, यूक्रेन ने आरोपों से इनकार किया और इसे “फाल्स-फ्लैग ऑपरेशन” (false-flag operation) करार दिया है।

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर विवरण के लिए, यहां पढ़ें: Russia – Ukraine Conflict Summary, Ukraine News for UPSC Exam

रूस-यूक्रेन संघर्ष की वर्तमान स्थिति:

  • ऐसा बताया गया है कि रूसी क्षेत्र में यूक्रेन के हमले तेज हो गए हैं। उदाहरण के लिए,
    • यूक्रेन ने दिसंबर 2022 में मास्को से लगभग 730 किमी. दक्षिण-पूर्व में एंगेल्स (Engels) के सैन्य हवाई अड्डे पर हमला किया था।
    • क्रीमिया की राजधानी सेवस्तोपोल में एक ईंधन डिपो पर 29 अप्रैल 2023 को किए गए ड्रोन हमले के बाद आग लग गई थी।
    • 1 मई 2023 को सेंट पीटर्सबर्ग के पास एक बिजली के खंभे पर हमला किया गया था।
    • 2 मई 2023 को दो अलग-अलग घटनाओं में, ब्रांस्क क्षेत्र में विस्फोटक उपकरणों से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए थे।
  • हालांकि, यूक्रेन ने ऐसे हमलों की आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है।

सारांश:

  • यह कहा जा रहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध एक नया मोड़ ले रहा है क्योंकि अब रूसी क्षेत्र में हमले बढ़ रहे हैं, जबकि पूर्व में यह यूक्रेन में अधिक केंद्रित था।

सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3 से संबंधित:

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी:

FDA ने रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस के लिए पहले टीके को मंजूरी दी

विषय: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रगति

मुख्य परीक्षा: रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस (RSV) के लिए टीका

प्रारंभिक परीक्षा: RSV टीका

संदर्भ:

  • FDA ने 3 मई 2023 को रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस के लिए पहले टीके को मंजूरी दी।

विवरण:

  • रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस (RSV) के लिए पहला टीका खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है। टीके का नाम एरेक्सवी (Arexvy) है।
  • इसका उद्देश्य 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में श्वसन तंत्र की बीमारी को ठीक करना है।
  • इस टीके का निर्माण GSK नाम की कंपनी द्वारा किया गया है।
  • करीब 25000 प्रतिभागियों पर किए गए 3 चरणीय परीक्षण के आधार पर FDA ने टीके को मंजूरी दी है।
  • परीक्षण में यह पाया गया कि इस टीके की एक खुराक ने RSV वायरस के कारण होने वाले निचले श्वसन तंत्र के रोग के विकास के जोखिम को लगभग 82.6% (60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोग) कम कर दिया। इसके अलावा, इसने गंभीर बीमारी के जोखिम को 94.1% तक कम कर दिया।

रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस (RSV) और सह-रुग्णताएं:

  • यू.एस. सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार, RSV वायरस की वजह से होने वाली निचले श्वसन तंत्र की बीमारी के कारण 65 या उससे अधिक उम्र के लगभग 60000 से 120000 लोग अस्पताल में भर्ती होते हैं और लगभग 6000 से 10000 मौतें होती हैं।
  • RSV वायरस वयस्कों को सह-रुग्णताओं के साथ बहुत अधिक प्रभावित करता है। उदाहरण के लिए, RSV से पीड़ित वृद्ध लोगों के लिए हल्के लक्षणों वाली सामान्य सर्दी घातक साबित हो सकती है।
  • अटलांटा स्थित CDC के मुताबिक, RSV शिशुओं के लिए भी चिंता का कारण है। अमेरिका में RSV के कारण लगभग 58000 से 80000 बच्चे (5 वर्ष से कम) अस्पताल में भर्ती हैं और लगभग 100 से 300 बच्चों की मृत्यु हो गई है।

RSV के लिए टीके:

  • वर्ष 2023-24 की सर्दियों से पहले अमेरिका में वृद्ध वयस्कों के लिए एरेक्सवी (Arexvy) उपलब्ध होगा।
  • यह भी रेखांकित किया गया है कि फाइजर और मॉडर्ना नामक कंपनियों द्वारा दो और RSV टीकों का नैदानिक परीक्षण पूरा कर लिया गया है और आने वाले महीनों में इन्हें FDA द्वारा अनुमोदित किया जा सकता है।
    • फाइजर द्वारा विकसित टीका, प्रोटीन आधारित टीका है जबकि मॉडर्ना द्वारा विकसित टीका mRNA टीका है।
  • GSK द्वारा 50 से 59 वर्ष की आयु के लोगों (सह-रुग्णताओं वाले लोगों सहित) के लिए भी टीके का परीक्षण किया जा रहा है।

सारांश:

  • खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस के लिए पहले टीके को मंजूरी दे दी है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों में श्वसन तंत्र संबंधी बीमारी को काफी हद तक कम करने की क्षमता है।

संपादकीय-द हिन्दू

आज इससे संबंधित कुछ नहीं है।

प्रीलिम्स तथ्य:

  1. वैज्ञानिकों ने टीबी हेतु ड्रग रेसिस्टेंट बैक्टीरिया के शुरुआती निदान के लिए डीएनए में म्यूटेशन की पहचान की

सामान्य अध्ययन 3:

विषय: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी:

प्रारंभिक परीक्षा: तपेदिक (ट्यूबरक्लोसिस)

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, भारत में मल्टी-ड्रग रेसिस्टेंट-टीबी (MDR-TB) का सबसे अधिक बोझ है।
    • MDR-TB पहली पंक्ति की एंटी-टीबी दवाओं के प्रति प्रतिरोधी है।
    • व्यापक रूप से ड्रग रेसिस्टेंट-टीबी (XDR-TB) पहली पंक्ति की टीबी दवाओं के प्रति प्रतिरोधी है।
  • दुनिया भर में लगभग 0.39 मिलियन मामले हैं।
  • CSIR-सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (CCMB) के वैज्ञानिकों के एक समूह ने पाया है कि DNA रिपेयर जीन में होने वाले उत्परिवर्तन (म्यूटेशन) का उपयोग MDR/XDR-TB के शुरुआती निदान के लिए किया जा सकता है।
  • बैक्टीरिया के समग्र जीनोम अनुक्रमण के माध्यम से यह पाया गया कि अव्यवस्थित डीएनए की मरम्मत माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस में दवा प्रतिरोध के उपार्जन में सहायता करती है।

TB पर विवरण के लिए, यहां पढ़िए: Tuberculosis (TB) – Definition, Causes, Diagnosis & Treatment

  1. हालिया बारिश से उत्तर में कपास की खेती का विस्तार होने की संभावना

विषय: सामान्य अध्ययन 3:

विषय: अर्थव्यवस्था:

प्रारंभिक परीक्षा: कृषि- कपास

  • कृषि विशेषज्ञों द्वारा यह आकलन किया गया है कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के परिणामस्वरूप उत्तरी भारत में कपास के बागानों का रकबा बढ़ जाएगा।
    • कपास खरीफ की फसल है।
    • यह आमतौर पर पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल के मध्य से मई के अंत तक रोपित की जाती है।
  • वर्षा के लाभ:
    • यह उच्च तापमान के कारण होने वाली ‘जलन’ की समस्या को रोकेगी।
    • बारिश बुवाई को गति देने में मदद भी करती है, विशेष रूप से खराब सिंचाई सुविधाओं वाले क्षेत्रों में।
    • इससे मिट्टी में नमी की मात्रा बढ़ेगी और फसल को फायदा होगा।
    • परिणामस्वरूप, इनपुट लागत कम हो जाएगी।
  • कपास की खेती के तहत आने वाला क्षेत्र भी बढ़ेगा क्योंकि सरकार अधिक जल-उपयोग वाली धान की फसल को हतोत्साहित कर रही है और फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है।
    • सरकार ने वर्ष 2023 के लिए हरियाणा में 7 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य रखा है। 2022 में 5.74 लाख हेक्टेयर में कपास की फसल उगाई गई थी।
    • इसी तरह, पंजाब में, इसका लक्ष्य 3 लाख हेक्टेयर को कवर करना है। 2022 में, यह लगभग 2.48 लाख हेक्टेयर था।

साथ ही, इसे भी पढ़िए: Cotton Crops: Cultivation and Export

महत्त्वपूर्ण तथ्य:

  1. शाही समारोह में चार्ल्स तृतीय का राज्याभिषेक हुआ:
  • किंग चार्ल्स III का औपचारिक रूप से 6 मई 2023 को वेस्टमिंस्टर एब्बे में राज्याभिषेक हुआ।
  • वे यूके और 14 पूर्व कॉमनवेल्थ देशों के नाममात्र के प्रमुख होंगे।
  • किंग चार्ल्स III को 74 वर्ष की आयु में ताज पहनाया गया है। जबकि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 25 वर्ष की आयु में (1953 में) महारानी बनीं थी।
  • राज्याभिषेक में देश भर के राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों ने भाग लिया।
  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी के साथ इस कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
  • राज्याभिषेक समारोह परंपरा और आधुनिकता का मिश्रण था। उदाहरण के लिए,
    • किंग चार्ल्स को एडवर्ड द कन्फेसर का ताज पहनाया गया, जिसका इस्तेमाल 1300 के बाद से हर राज्याभिषेक में किया जाता रहा है।
    • पहली बार हिंदू प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बाइबिल पढ़ा।
    • समारोह की शुरुआत एक वेल्स संगीत से हुई थी तथा इसमें ब्लैक गॉस्पेल गायक-मंडली और महिला बिशप की मौजूदगी थी।
    • अपनी व्यक्तिगत पसंद के अनुसार और “धर्म के रक्षक” के रूप में संदर्भित होने के कारण, राजा का विभिन्न धर्मों के व्यक्तियों ने राज्याभिषेक किया।
    • इसके अलावा, उन्होंने अपनी सेवा के अंत में धार्मिक नेताओं के एक विविध समूह का अभिवादन किया।
  • इस आयोजन के दौरान क्वीन कंसोर्ट, कैमिला (किंग चार्ल्स की दूसरी पत्नी) को भी ताज पहनाया गया। उन्होंने “स्थिरता और दक्षता” को बढ़ावा देने के लिए क्वीन मैरी का ताज (पहली बार 1911 में इस्तेमाल किया गया) पहना।
  1. 10 भारतीय भाषाओं को तकनीकी-शब्द शब्दकोश में शामिल किया जाएगा:
  • वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग (CSTT) 10 भारतीय भाषाओं में तकनीकी और वैज्ञानिक शब्दावली संबंधी मामलों को देख रहा है, जिनका शिक्षा के क्षेत्र में कम प्रतिनिधित्व है।
  • यह तीन से चार महीने की अवधि में मौलिक (मूल) शब्दकोशों को पेश करेगा। इन शब्दकोशों में प्रति भाषा 5000 शब्द होंगे।
  • शब्दकोश डिजिटल और नि:शुल्क होंगे।
  • CSTT प्रत्येक भाषा में लगभग 1000 से 2000 प्रतियाँ मुद्रित करेगा।
  • यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि बोडो, संथाली, डोगरी, कश्मीरी, कोंकणी, नेपाली, मणिपुरी, सिंधी, मैथिली और संस्कृत जैसी भाषाओं में वैज्ञानिक और तकनीकी शब्दों का वर्णन करने के लिए शब्दों की कमी है।
  • CSTT का प्रारंभिक कार्य पत्रकारिता, लोक प्रशासन, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, भौतिकी, कंप्यूटर विज्ञान, इंजीनियरिंग (सिविल और इलेक्ट्रिकल) आदि जैसे 15 विषयों को कवर करना है।
  • यह मध्य, उच्च और विश्वविद्यालय स्तरों के लिए पाठ्यपुस्तक निर्माण को और अधिक सक्षम बनाएगा।
  • कंटेंट तैयार करने में सहायता के लिए शब्दकोशों को शिक्षा बोर्डों, विश्वविद्यालयों और टेस्टिंग एजेंसियों को वितरित किया जाएगा।

वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग (CSTT)

  • इसकी स्थापना 1961 में हुई थी।
  • इसका कार्य सभी भारतीय भाषाओं में तकनीकी शब्दावली विकसित करना है।
  • यह शिक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में काम करता है।
  • CSTT का मुख्यालय नई दिल्ली में है।

UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए: (स्तर:मध्यम)

  1. ज्योग्लिफ्स (Geoglyphs) प्रागैतिहासिक शैल कला का एक रूप है, जो लेटराइट पठारों की सतह पर बनाया गया है।
  2. रत्नागिरी के शैलोत्कीर्ण (petroglyph) को स्थानीय रूप से कटल शिल्प (katal shilpa) के नाम से जाना जाता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. दोनों
  4. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: c

व्याख्या:

  • कथन 1 सही है: ज्योग्लिफ्स प्रागैतिहासिक शैल कला का एक रूप है, जिसे लेटराइट पठारों की सतह पर चट्टान की सतह के एक हिस्से को तराशकर, कुरेदकर या रगड़कर हटाने के बाद बनाया गया है।
  • कथन 2 सही है: रत्नागिरी में शैलोत्कीर्ण के 1,500 से अधिक कृतियां हैं, जिन्हें स्थानीय रूप से “कटल शिल्प” कहा जाता है।

प्रश्न 2. धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के संदर्भ में, निम्नलिखित कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं? (स्तर:मध्यम)

  1. PMLA में, अभियोजन सबूत का भार वहन करता है।
  2. PMLA एक विधेय अपराध उन्मुख कानून है।

विकल्प:

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. दोनों
  4. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: b

व्याख्या:

  • कथन 1 गलत है: PMLA के तहत, सबूत का भार अभियुक्त पर होता है, जिसे यह साबित करना होता है कि संदिग्ध संपत्ति अपराध की आय के माध्यम से प्राप्त नहीं की गई है।
  • कथन 2 सही है: PMLA एक विधेय अपराध उन्मुख कानून है। विधेय अपराध एक ऐसा अपराध है जो कानून के तहत स्थापित किसी भी धन-शोधन संबंधित अपराध का विषय बन सकता है।

प्रश्न 3. टैगिन लोगों (Tagin people) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन सा/से सही है/हैं? (स्तर-कठिन)

  1. टैगिन असम की प्रमुख जनजातियों में से एक हैं।
  2. टैगिन का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार सी-दोन्यी (Si-Donyi) उत्सव है, जिसमें पृथ्वी और सूर्य की वंदना की जाती है।
  3. टैगिन चीनी-तिब्बती भाषा है।

विकल्प:

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 1 और 3
  4. 1, 2 और 3

उत्तर: b

व्याख्या:

  • कथन 1 सही नहीं है: टैगिन अरुणाचल प्रदेश की प्रमुख जनजातियों में से एक है।
  • कथन 2 सही है: टैगिन का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार सी-दोन्यी उत्सव है, जिसमें पृथ्वी और सूर्य की वंदना की जाती है।
  • कथन 3 सही है: टैगिन एक चीनी-तिब्बती भाषा है।

प्रश्न 4. झुंड में रहने वाले प्रवासी टिड्डे – जो दुनिया भर में खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा हैं – एक दुर्गन्धयुक्त फेरोमोन उत्पन्न करके अन्य टिड्डियों द्वारा भक्षण किए जाने से बचते हैं, इस फेरोमोन को निम्नलिखित में से क्या कहा जाता है? (स्तर:कठिन)

  1. डोडेकेन-1-वाईएल एसीटेट
  2. नोरेपाइनफ्राइन
  3. फेरोमोन फ्रंटलिन
  4. फिनाइल एसीटोनाइट्राइल (PAN)

उत्तर: d

व्याख्या: झुंड में रहने वाले प्रवासी टिड्डे फिनाइल एसीटोनाइट्राइल (PAN) नामक दुर्गन्धयुक्त फेरोमोन उत्पन्न करके अन्य टिड्डियों द्वारा भक्षण किए जाने से बचते हैं।

प्रश्न 5. वर्तमान में वैज्ञानिक किसी गुणसूत्र में जीन- इकाइयों का विन्यास अथवा उनकी सापेक्षिक स्थिति अथवा डी-एन-ए- अनुक्रमों को निर्धारित कर सकते है। यह ज्ञान हमारे लिए किस प्रकार उपयोगी है?

  1. उसकी मदद से पशुधन की वंशावली जानी जा सकती हैं।
  2. उसकी मदद से सभी मानव रोगों के कारण ज्ञात हो सकते हैं।
  3. उसकी मदद से पशुओं की रोग-प्रतिरोधी नस्लें विकसित की जा सकती हैं।

उपर्युक्त में से कौन-सा/कौन-से कथन सही है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2
  3. केवल 1 और 3
  4. 1, 2 और 3

उत्तर: c

व्याख्या:

  • कथन 1 और 3 सही हैं: किसी गुणसूत्र में जीन- इकाइयों का विन्यास अथवा उनकी सापेक्षिक स्थिति अथवा डी-एन-ए- अनुक्रमों का ज्ञान पशुधन की वंशावली निर्धारित करने और रोग प्रतिरोधी पशु नस्लों के विकास में सहायक होता है।
  • कथन 2 सही नहीं है: ऐसे ज्ञान से सभी मानव रोगों के कारणों को समझना संभव नहीं है।

UPSC मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यास प्रश्न:

प्रश्न 1. रेस्पिरेटरी सिंकिटियल वायरस के जोखिम पर चर्चा कीजिए। हम इसे कैसे कम कर सकते हैं? (150 शब्द, 10 अंक) [GS-3, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी]

प्रश्न 2. “यूक्रेन-रूस संकट में हालिया रुझान तनाव के कम होने के बजाय उसके गंभीर होने का संकेत देते हैं”? (150 शब्द, 10 अंक) [GS-2, अंतर्राष्ट्रीय संबंध]