Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests - Download the BYJU'S Exam Prep App for free IAS preparation videos & tests -

12 दिसंबर 2022 : PIB विश्लेषण

विषयसूची:

  1. G20 विकास कार्य समूह की पहली बैठक मुंबई में होगी:
  2. पर्यटन मंत्रालय ने 10 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं सहित 12 भाषाओं में 24×7 बहुभाषी पर्यटक सूचना-हेल्पलाइन स्थापित की:
  3. भारतीय मानक ब्यूरो ने उपभोक्ता समीक्षा प्रकाशित करने वाले संगठनों के लिए मानक जारी किए:
  4. भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2022:

1.G20 विकास कार्य समूह की पहली बैठक मुंबई में होगी:

सामान्य अध्ययन: 2

अन्तर्राष्ट्रीय संबंध:

विषय: द्विपक्षीय क्षेत्रीय और वैश्विक समूह और भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार।

प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा: G20 और भारत की G20 अध्यक्षता का महत्व।

संदर्भ:

  • भारत की G20 अध्यक्षता के अंतर्गत विकास कार्य समूह (DWG) की पहली बैठक 13-16 दिसंबर, 2022 तक मुंबई में आयोजित की जा रही है।

विवरण:

  • G20 सदस्य, अतिथि देश और आमंत्रित अंतर्राष्ट्रीय संगठन व्यक्तिगत रूप से बैठक में भाग लेंगे। 
  • कार्य समूह की आधिकारिक बैठक से पहले, भारतीय अध्यक्षता – “विकास के लिए डेटा: 2030 एजेंडा को आगे बढ़ाने में G20 की भूमिका” और “हरित विकास के लिए ‘लाइफ’ को अपनाना” विषयों पर दो कार्यक्रम आयोजित करेगी।
  • विकास कार्य समूह बैठक 14-15 दिसंबर, 2022 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों (SDG) पर प्रगति में तेजी लाने, पर्यावरण के लिए जीवन शैली और विकास के लिए डेटा से संबंधित भारत की प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

मुख्य बिंदु:

  • विकास कार्य समूह की बैठक 14-15 दिसंबर 2022 को होगी।
  • भारत की G20 अध्यक्षता, 2015 में अंगीकार किये गए सतत विकास के 2030 एजेंडा के एक महत्वपूर्ण मध्य-अवधि में स्थित है।
  • भारत का G20 आदर्श वाक्य ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ है और थीम/विषय “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” है।
  • विकास कार्य समूह बैठक में सतत विकास लक्ष्यों पर प्रगति की समीक्षा और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए G20 के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी।
  • सतत विकास लक्ष्यों पर प्रगति में तेजी लाने, पर्यावरण के लिए जीवन शैली और विकास के लिए डेटा से संबंधित भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा।
  • हरित विकास के संदर्भ में, प्रमुख क्षेत्रों में जलवायु वित्त और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ न्यायपूर्ण ऊर्जा बदलाव शामिल होंगे।
  • प्रौद्योगिकी के प्रति हमारे मानव-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ, कृषि से लेकर शिक्षा तक के क्षेत्रों में तकनीक-सक्षम विकास पर भी चर्चा की जाएगी।

G20 के बारे में:

  • G20 या ’20 का समूह’ (Group of Twenty) एक रणनीतिक बहुपक्षीय मंच है जिसमें दुनिया की प्रमुख विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के सदस्य शामिल हैं।
  • यह भविष्य के वैश्विक आर्थिक विकास और समृद्धि को हासिल करने में एक रणनीतिक भूमिका निभाता है।
  • इसका गठन 1990 के दशक के अंत के वित्तीय संकट, जिसने विशेष रूप से पूर्वी एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया को प्रभावित किया था, की पृष्ठभूमि में वर्ष 1999 में किया गया था।
  • इसका लक्ष्य मध्यम आय वाले देशों को सम्मिलित करके वैश्विक वित्तीय स्थिरता को सुरक्षित करना था।
  • पहला G20 शिखर सम्मेलन 2008 में संयुक्त राज्य अमेरिका के वाशिंगटन में हुआ था।
  • G20 का कोई निश्चित मुख्यालय नहीं है, और इसके सचिवालय का संचालन प्रत्येक वर्ष समूह की अध्यक्षता करने वाले देशों द्वारा बारी-बारी से किया जाता है।

G20 सदस्य:

  • आज, G20 के सदस्य देशों का वैश्विक जनसंख्या में 60%, वैश्विक व्यापार में 75% और वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद में 80% से अधिक का योगदान है। 
  • इसके प्रमुख सदस्य ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान, कोरिया गणराज्य, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ हैं।

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

1. पर्यटन मंत्रालय ने 10 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं सहित 12 भाषाओं में 24×7 बहुभाषी पर्यटक सूचना-हेल्पलाइन स्थापित की:

  • पर्यटकों की सुरक्षा और संरक्षा अनिवार्य रूप से राज्य सरकार का विषय है। हालांकि, पर्यटन मंत्रालय पर्यटकों की सुरक्षा की चिंता से अच्छी तरह परिचित है और उसने पर्यटकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए हर संभव उपाय किए हैं।
  • पर्यटन मंत्रालय ने टोल फ्री नंबर 1800111363 पर या शॉर्ट कोड 1363 पर 10 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं (जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इतालवी, पुर्तगाली, रूसी, चीनी, जापानी, कोरियाई, अरबी आदि) सहित हिंदी और अंग्रेजी को मिलाकर 12 भाषाओं में एक 24×7 बहुभाषी पर्यटक सूचना-हेल्पलाइन स्थापित की है ताकि घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए भारत में यात्रा से संबंधित जानकारी के बारे में सहायता प्रदान की जा सके और उन्‍हें भारत में यात्रा करते समय संकट की स्थिति में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जा सके।
  • पर्यटन मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन विभागों सहित सभी हितधारकों के साथ ‘सुरक्षित और सम्मानजनक पर्यटन के लिए आचार संहिता’ को अपनाया है, जो पर्यटकों और स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों दोनों की गरिमा, सुरक्षा और शोषण से मुक्ति सुनिश्‍चित करने के लिए बुनियादी अधिकारों के संबंध में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के दिशानिर्देशों का एक सेट है।

2. भारतीय मानक ब्यूरो ने उपभोक्ता समीक्षा प्रकाशित करने वाले संगठनों के लिए मानक जारी किए:

  • भारत के राष्ट्रीय मानक निकाय, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने एक भारतीय मानक, IS19000:2022, ‘ऑनलाइन उपभोक्ता समीक्षाएँ – संग्रह, सम्पादन और प्रकाशन के लिए सिद्धांत और आवश्यकताएँ’ प्रकाशित किया है।
  • यह मानक समीक्षा प्रशासकों को ऑनलाइन उपभोक्ता समीक्षाओं के संग्रह, सम्पादन और प्रकाशन में लागू करने के लिए सिद्धांतों और प्रक्रियाओं के सम्बन्ध में आवश्यकताएं और सिफारिशें पेश करता है। मानक, समीक्षा लेखक और समीक्षा प्रशासक के लिए विशिष्ट उत्तरदायित्व निर्धारित करता है।
  • यह मानक किसी भी संगठन पर लागू होता है, जो उपभोक्ता समीक्षाओं को ऑनलाइन प्रकाशित करता है, जिनमें उत्पादों और सेवाओं के आपूर्तिकर्ता/विक्रेता, जो अपने स्वयं के ग्राहकों से समीक्षा एकत्र करते हैं, आपूर्तिकर्ताओं/विक्रेताओं द्वारा अनुबंधित तृतीय-पक्ष या स्वतंत्र तृतीय पक्ष शामिल हैं।
  • यह उस प्रक्रिया को निर्धारित करता है, जो उपभोक्ता समीक्षा साइटों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है कि वे अपने ग्राहकों को महत्व देते हैं और ऐसी समीक्षाएं प्रदान करते हैं, जिन पर भरोसा किया जा सकता है। यह उपभोक्ताओं के बीच ऑनलाइन सामान खरीदने के लिए विश्वास पैदा करने में सहायता करेगा और उन्हें खरीदारी के बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा। मानक से ई-कॉमर्स इकोसिस्टम में सभी हितधारकों, यानि उपभोक्ताओं, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, विक्रेताओं आदि को लाभ मिलने की उम्मीद है।
  • पिछले कुछ वर्षों में, देश भर में ई-कॉमर्स लेनदेन में लगातार वृद्धि हुई है। ऑनलाइन पोस्ट की गई समीक्षाएं खरीद के निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उपभोक्ता उन उपयोगकर्ताओं की राय और अनुभव देखने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई समीक्षाओं पर अत्यधिक भरोसा करते हैं, जिन्होंने पहले ही वस्तुएं या सेवाएं खरीदी हैं।
  • चूंकि ऑनलाइन समीक्षा उपभोक्ताओं के खरीद निर्णयों को बहुत प्रभावित करतीं हैं, इसलिए उपभोक्ताओं और आपूर्तिकर्ताओं/विक्रेताओं – दोनों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि समीक्षाओं की गुणवत्ता, अखंडता, सटीकता और पारदर्शिता में विश्वास पैदा करने के लिए इनका प्रभावी ढंग से प्रबंधन किया जाए।

3. भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2022:

  • भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2022 जनवरी 2023 में भोपाल में आयोजित किया जाएगा।
  • भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2022 भोपाल में अगले वर्ष 21- 24 जनवरी 2023 तक आयोजित किया जाएगा। 
  • यह महोत्सव भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अतर्गत विज्ञान भारती जो देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के नेतृत्व में स्वदेशी भावना के साथ विज्ञान आंदोलन की एक पहल है, के साथ पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम है।
  • वर्ष 2015 में प्रारंभ के बाद से भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव–2022 इसका आठवां संस्करण है। 
  • पहला और दूसरा भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव नई दिल्ली में, तीसरा चेन्नई में, चौथा लखनऊ में, पांचवां कोलकाता में, छठा वर्चुअल मोड के माध्यम से और आखिरी भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव गोवा में आयोजित किया गया था।

 

12 December PIB:- Download PDF Here

लिंक किए गए लेख में 11 दिसंबर 2022 का पीआईबी सारांश और विश्लेषण पढ़ें।

सम्बंधित लिंक्स:

 

Comments

Leave a Comment

Your Mobile number and Email id will not be published.

*

*